Damaged Liver: सुबह का समय हमारे शरीर और दिमाग दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है. अक्सर कहा जाता है कि अगर दिन की शुरुआत सही तरीके से हो तो पूरा दिन अच्छा गुजरता है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि हमारी सुबह की छोटी-छोटी आदतें सीधे हमारे लिवर की सेहत को भी प्रभावित करती हैं. लिवर शरीर का ऐसा अंग है जो शांति से अपना काम करता रहता है. यह शरीर से जहरीले तत्वों को बाहर निकालने, भोजन को पचाने और ऊर्जा बनाने में मदद करता है, लेकिन अगर सुबह की शुरुआत सही न हो तो धीरे-धीरे लिवर पर दबाव बढ़ सकता है, जो उसे खराब कर सकती है. आइए जानते हैं लिवर की सेहत पर असर डालने वाली कुछ बेहद आम लेकिन खतरनाक आदतें.
सुबह का नाश्ता छोड़ना
आजकल व्यस्त डेली रूटीन के कारण कई लोग सुबह का नाश्ता छोड़ देते हैं. कुछ लोग जल्दी में होते हैं तो कुछ लोग वजन कम करने के लिए जानबूझकर नाश्ता नहीं करते. लेकिन ये बात समझ लीजिए कि लंबे समय तक खाली पेट रहने से शरीर में तनाव हार्मोन बढ़ सकते हैं, जिससे लिवर की कार्यप्रणाली प्रभावित होती है. जब शरीर को सुबह सही समय पर पोषण नहीं मिलता, तो ऊर्जा संतुलन बिगड़ सकता है और मेटाबोलिज्म भी धीमा पड़ सकता है. इसलिए विशेषज्ञों की सलाह है कि सुबह का नाश्ता हल्का लेकिन पोषण से भरपूर होना चाहिए, जिससे शरीर को दिनभर काम करने की एनर्जी मिल सके.
ज्यादा मीठा नाश्ता लिवर
कई लोगों की आदत होती है कि वे सुबह के नाश्ते में मीठी चीजें जैसे जैम-ब्रेड, केक, मफिन या ज्यादा शुगर वाले सीरियल खाते हैं. पहली नजर में ये स्वादिष्ट लगते हैं, लेकिन इनमें मौजूद जरूरत से ज्यादा शुगर खासकर फ्रुक्टोज लिवर पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है. जब शरीर में ज्यादा शुगर पहुंचती है तो उसका बड़ा हिस्सा लिवर में प्रोसेस होता है, जिससे समय के साथ फैट जमा होने की संभावना बढ़ सकती है. इसलिए नाश्ते में प्रोटीन और फाइबर युक्त चीजों का सेवन करें.
सुबह एक्सरसाइज से दूरी
सुबह उठने के बाद अगर शरीर लंबे समय तक बिल्कुल भी एक्टिव नहीं रहता तो इससे मेटाबोलिज्म धीमा पड़ सकता है. कई लोग सुबह उठते ही मोबाइल देखने या बैठे रहने की आदत बना लेते हैं, जिससे शरीर की ऊर्जा प्रणाली प्रभावित हो सकती है. विशेषज्ञों के अनुसार सुबह की हल्की एक्सरसाइज जैसे टहलना, स्ट्रेचिंग या योग करने से शरीर का ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और लिवर भी ज्यादा सक्रिय रहता है. बता दें कि नियमित शारीरिक गतिविधि न सिर्फ लिवर को स्वस्थ रखती है बल्कि पूरे शरीर की फिटनेस को भी बेहतर बनाती है

