Haryana News : यमुनानगर : यमुनानगर जिले के गांव भंभोल में देर रात मोनिका नामक महिला को चाकू से गोद कर मौत के घाट उतार दिया। मोनिका का पति आर्मी में है और उसकी जम्मू में ड्यूटी थी। पति फौज में था और मोनिका अपनी मां के साथ ही रह रही थी। देर रात अंबाला के गांव कलहेड़ी निवासी दो युवक कार में सवार होकर गांव भंभोल पहुंचे।
बताया जा रहा है कि पहले दीवार कूद कर सचिन नामक युवक घर के अंदर दाखिल हुआ। सचिन को बाहर आने में कुछ देर लगी तो पीछे ही युवराज भी दीवार कूद कर घर के अंदर दाखिल हो गया। इसके कुछ ही देर के बाद जब मोनिका के चीखने की आवाज आई तो उसकी मां अपने कमरे से बाहर आकर मोनिका के कमरे तक पहुंची तो कमरा खून से लथपथ था और मोनिका जमीन पर गिरी हुई थी। मोनिका के पेट, गर्दन कमर व बाजूओं पर चाकू लगे थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मोनिका की मां को मौके पर आते देख युवराज वहां से भाग खड़ा हुआ और छत से कूद कर फरार हो गया, जबकि सचिन मौके पर रहा और वह मोनिका को गाड़ी में डालकर अस्पताल उसकी मां के साथ ले गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि बताया तो यह भी जा रहा है कि इन लोगों के साथ दो से तीन लड़के और भी थे। फिलहाल पुलिस गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है और इस मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी की मोर्चरी में भेज दिया है तो वहीं इस मामले की कार्रवाई भी आरंभ कर दी है।

