India Playing 11 Against Pakistan: कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मैच खेला जा रहा है. पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग 11 से छेड़छाड़ नहीं की है. हालांकि, भारतीय टीम महामुकाबले में दो बदलाव के साथ मैदान पर उतरी है. अभिषेक शर्मा पूरी तरह से फिट होकर टीम में लौट आए हैं. वहीं, अर्शदीप सिंह को बाहर बैठाकर कुलदीप यादव को पाकिस्तान के बैटिंग ऑर्डर को तहस-नहस करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
दो बदलाव के साथ उतरी है टीम इंडिया
पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग 11 में दो चेंज किए हैं. संजू सैमसन को फिर बेंच पर बैठा दिया गया है. संजू की जगह पर अभिषेक शर्मा फिट होकर टीम में लौट आए हैं. इसके अलावा अर्शदीप सिंह इस मैच के लिए अंतिम ग्यारह में अपनी जगह नहीं बना सके हैं.
कोलंबो की पिच को ध्यान में रखते हुए अर्शदीप के स्थान पर कप्तान सूर्यकुमार ने एक अतिरिक्त स्पिनर के साथ उतरने का फैसला किया है. कुलदीप यादव को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया है.
कैसा रहा है हेड टू हेड रिकॉर्ड?
टी-20 इंटरनेशनल में भारत और पाकिस्तान की टीम कुल 16 बार एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरी हैं. इसमें से 13 में जीत टीम इंडिया के हाथ लगी है, तो सिर्फ 3 मैचों में पड़ोसी मुल्क ने मैदान मारा है. यानी सूर्या की सेना पूरी तरह से हावी रही है. एशिया कप 2025 में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान को तीन बार टूर्नामेंट में धूल चटाई थी. हालांकि, टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम इंडिया को एक बार 10 विकेट से हरा चुका है.
टीम इंडिया की प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव.

