Haryana Weather Today : हरियाणा में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे न केवल रात बल्कि दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे का यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इसी बीच गुरुग्राम में बढ़ते प्रदूषण और मौसम को देखते हुए सरकारी कार्यालयों के समय में बदलाव किया गया है।
पहाड़ी क्षेत्रों से मैदानी इलाकों की ओर चल रही उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं ने पूरे प्रदेश को ठंड की चपेट में ले लिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिसंबर के अंतिम पखवाड़े में ठंड और बढ़ने का अनुमान जताया है। IMD ने 22 दिसंबर के लिए हरियाणा के 12 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट
यलो अलर्ट के दायरे में जीटी रोड से सटे सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला के अलावा यमुनानगर, कैथल, गुरुग्राम, रोहतक, झज्जर, फरीदाबाद और नूंह (मेवात) जिले शामिल हैं। अन्य जिलों में भी ठंड का असर बना रहेगा। सुबह के समय हालात ऐसे हैं कि कई जगहों पर दृश्यता शून्य तक पहुंच गई है।
कोहरे से प्रभावित हो रहा बस संचालन
घने कोहरे के चलते बस सेवाओं पर भी असर पड़ा है। परिवहन निदेशालय ने इसी सप्ताह सभी रोडवेज महाप्रबंधकों की बैठक बुलाई है। कोहरे और धुंध के कारण हिसार, भिवानी जैसी लंबी दूरी की रात्रिकालीन बस सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल प्रदेश में रात्रिकालीन शेड्यूल जारी नहीं किया गया है।
यदि किसी रूट पर घने कोहरे के कारण संचालन में दिक्कत आती है, तो संबंधित बस अड्डे के महाप्रबंधक स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए निर्णय ले सकते हैं।
24 दिसंबर से और बढ़ेगी ठंड
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 24 दिसंबर से प्रदेश में ठंड और तेज हो सकती है। इस दौरान हवाओं का रुख बदलकर उत्तर दिशा से बर्फीली हवाएं चलने की संभावना है। इससे सूखी ठंड बढ़ेगी और कई इलाकों में पाला पड़ने की भी आशंका जताई जा रही है।

