Weather Update: बदायूं में दो दिन गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, कृषि विज्ञान केंद्र से अलर्ट जारी
बदायूं जनपद में रविवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।मौसम विभाग ने दो दिन गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।इसे लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाने से बदायूं समेत आसपास के जिलों में रविवार से एक-दो दिन तेज गरज-चमक के साथ हवा चलने और बारिश होने के आसार बन रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का बदलाव देखने को मिलेगा। बदायूं में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. मनीष कुमार सिंह ने शनिवार दोपहर इस संबंध में एक अलर्ट जारी किया है।
डॉ. मनीष कुमार सिंह ने बताया कि रविवार से मौसम में बड़ा बदलाव होगा।पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण रविवार और सोमवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है।इससे गर्मी से तो राहत मिलेगी, लेकिन फसलों को नुकसान होने का अंदेशा है। किसान अगर सरसों की कटाई करना चाहते हैं तो दो-तीन दिन कटाई न करें। बारिश होने की स्थिति में सरसों को नुकसान ज्यादा होगा।
इन जिलों में दिखेगा असर:-पश्चिमी विक्षोभ का असर सहारनपुर, मेरठ,गाजियाबाद,नोएडा,आगरा,बरेली, बदायूं और रामपुर तो मध्य व पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में लखनऊ, सीतापुर, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, वाराणसी,बहराइच,श्रावस्ती,बाराबंकी, रायबरेली में रहेगा।इसके बाद किसान गर्मी के दिनों में चारा फसलों की बोआई कर सकते हैं।मक्का, लोबिया, चारा ज्वार की कुछ खास किस्म की बोआई के लिए अच्छा समय है।बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से फिलहाल धुंध बनी हुई है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

