Weather Update – हरियाणा में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह जहां तेज धूप ने लोगों को गर्मी का अहसास कराया, वहीं शाम होते-होते कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। रेवाड़ी में तेज बारिश के साथ ओले गिरे, जबकि भिवानी, हिसार, सिरसा, नारनौल और महेंद्रगढ़ में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई।
नारनौल में भारी बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मौसम का यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हुआ है, जो पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आज रात भी राज्य के अधिकतर हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है।
इसके साथ ही 19 और 20 मार्च को भी कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

