Uttarakhand Weather Update : उत्तराखंड में बारिश ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। 1 अगस्त 2025, शुक्रवार को मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है। पिछले कुछ दिनों से पूरे प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
Uttarakhand Weather Update : देहरादून में झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट
गुरुवार सुबह से ही देहरादून में बादल छाए रहे। दोपहर में मौसम थोड़ा साफ हुआ, लेकिन शाम होते-होते झमाझम बारिश शुरू हो गई। सुबह से ही हल्की फुहारें पड़ रही थीं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। लगातार हो रही बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
Uttarakhand Weather Update : देहरादून में पेड़ गिरने से यातायात बाधित
गुरुवार सुबह देहरादून के पंडितवाड़ी क्षेत्र में एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात दो घंटे तक पूरी तरह से बाधित रहा। स्कूल जाने वाले बच्चे, अभिभावक और ऑफिस जाने वाले लोग जाम में फंस गए। पुलिस और अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर पेड़ को हटाया, तब जाकर ट्रैफिक सुचारु रूप से चालू हो सका।
Uttarakhand Weather Update : मौसम विभाग का अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को भी देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और अति तीव्र बारिश की आशंका जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां भूस्खलन और जलभराव की संभावना अधिक रहती है।

