Uttarakhand Weather News : उत्तराखंड में आज चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश और गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चमोली जिला प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है।
Uttarakhand Weather News : अन्य जिलों में भी भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और नैनीताल जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश, तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में भी मौसम विभाग ने चेतावनी के तहत अलर्ट जारी किया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी गर्जन और तेज बारिश के दौर हो सकते हैं। फिलहाल, पूरे प्रदेश में बादलों और धूप के बीच आंख मिचौली का दौर जारी है।
Uttarakhand News : टिहरी झील का बढ़ता जलस्तर बना चिंता का विषय, स्पिल-वे से निकाला जा रहा पानी
Uttarakhand Weather News : 29 अगस्त को और तेज हो सकता है मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, 29 अगस्त को देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश, तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इन जिलों के लिए फिर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और टिहरी में भी अति तीव्र बारिश के आसार हैं, जबकि बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
Uttarakhand Weather News : भूस्खलन और बाढ़ की आशंका, मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण
मौसम विभाग ने चेताया है कि संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, रास्ते बंद होने और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। बिजली, पानी और अन्य सुविधाएं भी बाधित हो सकती हैं। बुधवार को स्यानाचट्टी में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं आपदा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और राहत कार्यों की समीक्षा की।

