UP News-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 69794 स्मार्टफोन का उपहार दिया। इसके अलावा उन्होंने 1,33,282 स्टेडियोमीटर, 10553 इंफॉण्टोमीटर और 58237 वजन तौलने की मशीनें भी वितरित कीं। सीएम योगी ने इस मौके पर कहा कि 2017 से पहले पोषाहार का वितरण उत्तर भारत के सबसे बड़े शराब माफिया को इसका ठेका दे रखा था और वही तय करता था। जब सरकार बनी तो इसे देखकर मैं भौचक था। मैंने कहा ये तो शराब माफिया है, इसका यहां क्या काम, लेकिन नहीं सब काम वही करता था। पोषाहार कहीं पहुंचता था, कहीं नहीं पहुंचता था। गुणवत्ता इतनी खराब थी कि खाने की स्थिति नहीं होती थी और इसलिए यूपी बिमारू था। ये लोग वही पाप करने वाले लोग हैं जो बच्चों के पोषाहार पर डकैती डालने का काम करते हैं। 2017 के पहले चयन में पैसा चलता था आज ईमानदारी से चयन हो रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि आज यहां 69 हजारे से भी अधिक स्मार्टफोन आज यहां वितरित किये गये हैं। इससे रियल टाइम पर अपडेट मिल सकेगा। जैसे ही डाटा सही होगा तो हम रैंकिंग में भी ऊपर आएंगे। हर आंगनबाड़ी केंद्र अब एक डिजिटल सेवा का केंद्र बन गया है। इसके अलावा 1,33,282 स्टेडियोमीटर, 10553 इंफॉण्टोमीटर और 58237 वजन तौलने की मशीनें भी प्रदान किए गए। ये काम पहले भी हो सकता था, लेकिन उनको फुर्सत ही नहीं थी। गरीब की पीड़ा को जिसने देखा होगा वही गरीब की पीड़ा को समझ सकता है। जो चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए होंगे वो उस पीड़ा से नहीं जुड़ सकते हैं। उनके लिए सबकुछ उनके परिवार के लिए चाहिए।
सीएम योगी ने आगे कहा कि अगर स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्र होगा तो आपका मानदेय भी स्मार्ट होना चाहिए। मैंने विभाग से कह दिया है अतिशीघ्र मानदेय का प्रस्ताव आगे बढ़ाओ, सम्मानजनक मानदेय मिलना चाहिए, मतलब न्यूनतम मानदेय की गारंटी मिलनी चाहिए। जो प्रदेश के हित में काम करेगा, प्रदेश के बचपन को संवारेगा, राज्य सरकार उसके साथ खड़ी होकर उसे सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के लिए काम करेगी। जब प्रदेश संकट में था तो उस समय बड़े से बड़े लोग पस्त थे, बहुत लोग बहाना कर देते थे, लेकिन तब भी आप लोग घर-घर स्क्रीनिंग का काम करते थे। इसलिए सरकार के मन भी है कि आप लोगों को इस प्रकार से आगे बढ़ाना है, इसलिए आप लोगों को स्मार्टफोन वितरित किया गया है। इससे हर काम में स्मार्टनेस भी दिखेगी।

