अवैध उर्वरक भंडारण पर व्यापारी पर रिपोर्ट दर्ज, गोदाम किया सील
बदायूं। जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के विरुद्ध प्रशासन द्धारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तहसीलदार सदर दीपक गंगवार एवं जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत ने संयुक्त रूप से कादरचौक थाना क्षेत्र अंतर्गत कश्यप खाद भंडार और भूड़ा भदरौल का निरीक्षण कर गंभीर अनियमितता का खुलासा किया।
निरीक्षण के दौरान खाद भंडार पर 12 बैग यूरिया और 67 बैग डीएपी के उपलब्ध पाए गए। यह स्टॉक पॉस मशीन में चढ़े स्टॉक से अधिक था। जांच में स्पष्ट हुआ कि प्रतिष्ठान द्वारा नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से उर्वरकों का भंडारण किया जा रहा था।जिससे किसानों के हितों पर सीधा आघात पहुंचाया जा रहा था।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तथा एक किसान द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त गोदाम को सील करा दिया। साथ ही संबंधित दुकानदार के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के अंतर्गत कदरचौक थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

रिपोर्ट-जयकिशन सैनी (समर इंडिया)

