Toll Plaza New Rules-नई दिल्ली: अगर आप अपनी गाड़ी से अक्सर नेशनल हाईवे या एक्सप्रेसवे पर सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम और लंबी कतारों से मुक्ति दिलाने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। आगामी 10 अप्रैल से देशभर के सभी टोल प्लाजा पर ‘कैश पेमेंट’ (नकद भुगतान) पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। इस नए नियम का सीधा असर लाखों यात्रियों पर पड़ेगा और उनके सफर करने का तरीका पूरी तरह बदल जाएगा।
FASTag हुआ अनिवार्य, UPI से चुकाने पर एक्स्ट्रा चार्ज
इस नई व्यवस्था के तहत अब हर वाहन में FASTag का लगा होना अनिवार्य कर दिया गया है।
सीधे कटेगा पैसा: टोल का भुगतान अब सिर्फ FASTag के जरिए ही होगा, जिससे वाहन बिना रुके टोल पार कर सकेंगे और समय की बचत होगी।
UPI से पेमेंट पड़ेगा महंगा: अगर किसी वाहन में FASTag नहीं लगा है या वह काम नहीं कर रहा है, तो चालक UPI के जरिए टोल चुका सकता है। लेकिन ध्यान रहे, इसके लिए उसे सामान्य टोल शुल्क से 1.25 गुना ज्यादा पैसा (पेनल्टी के रूप में) देना होगा।
नियम तोड़ने पर घर आएगा ई-नोटिस, लगेगा डबल जुर्माना
सरकार ने इस नियम को सख्ती से लागू करने की तैयारी की है। यदि कोई वाहन चालक न तो FASTag का इस्तेमाल करता है और न ही UPI से भुगतान करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी:
ऐसे वाहनों को हाईवे पर एंट्री करने से रोका जा सकता है।
बिना टोल दिए भागने वाले वाहन मालिक के पते पर तुरंत ‘ई-नोटिस’ (e-Notice) भेजा जाएगा।
यदि ई-नोटिस मिलने के 3 दिन के भीतर टोल का भुगतान नहीं किया गया, तो वाहन मालिक से दोगुना शुल्क (Double Fine) वसूला जाएगा।
पहचान पत्र दिखाकर नहीं मिलेगी छूट, लेना होगा ‘Exempted FASTag’
टोल पर अक्सर कई लोग गलत तरीके से वीआईपी (VIP) या विभागीय पहचान पत्र दिखाकर छूट लेने की कोशिश करते हैं। सरकार ने अब इस पर भी पूरी तरह रोक लगा दी है। अब केवल पहचान पत्र दिखाकर कोई टोल फ्री नहीं होगा। जो लोग वास्तव में नियमों के तहत छूट के पात्र हैं, उन्हें अब “Exempted FASTag” लगवाना होगा या अपना सालाना पास बनवाना होगा।
निजी कारों के लिए सालाना पास की सुविधा
रोजाना या नियमित रूप से हाईवे पर सफर करने वाले निजी कार मालिकों के लिए सरकार ने FASTag का सालाना पास (Annual Pass) भी उपलब्ध कराया है। इसकी कीमत 3,075 रुपये तय की गई है। इस पास के जरिए उपभोक्ता एक साल में 200 बार टोल प्लाजा पार कर सकता है, जो काफी किफायती साबित होगा।
जल्द आ रही है ‘मल्टी-लेन फ्री फ्लो’ तकनीक
आने वाले समय में टोल सिस्टम को और भी आधुनिक बनाया जा रहा है। NHAI फिलहाल ‘मल्टी-लेन फ्री फ्लो’ (Multi-lane Free Flow) तकनीक पर काम कर रहा है। इसके लागू होने के बाद हाईवे पर टोल प्लाजा के बैरियर ही हट जाएंगे और वाहन के गुजरते ही सेंसर के जरिए कैमरे अपने आप FASTag से पैसा काट लेंगे। इससे डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा मिलेगा और सफर एकदम निर्बाध हो जाएगा।

