बदायूँ में लूट की वारदात को बदमाशों ने फिल्मी स्टाईल में दिया था अंजाम, बोरी में भरे रुपये-जेवर
बदमाशों ने लूट के बाद लहराए तमंचे, तीन बदमाशों को लोगों ने हिम्मत से दबोचा
बदायूं के उघैती क्षेत्र के गांव खितौरा के मुख्य बाजार में शुक्रवार शाम सराफ की दुकान से आभूषण और नकदी लूटकर भाग रहे हथियारों से लैस बदमाशों को लोगों ने साहस दिखाते हुए दबोच लिया।वारदात के बाद हवा में हथियार लहरा रहे बदमाशों की जमकर पिटाई की। लोगों ने तीन आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक बदमाश मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद दूसरे दिन भी व्यापारियों में आक्रोश देखा गया।थाना प्रभारी व चौकी इंचार्ज की लापरवाही से गुस्साए व्यापारियों ने शनिवार को सहसवान बिसौली रोड पर जाम लगा दिया।

जानिए पूरा घटनाक्रम:-खुद को घिरता देख बदमाशों ने तमंचे हवा में लहराने शुरू कर दिए।मगर, लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक पर बैठ चुके बदमाशों को धर दबोचा। आक्रोशित भीड़ ने बदमाशों की जमकर पिटाई की।उनके पास से दो तमंचे भी बरामद हुए हैं।लूट और बदमाशों को दबोचने की पूरी वारदात सीसी कैमरे में कैद हो गई।फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि पकड़े गए तीनों बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लोगों ने कहा कि पड़ोसी दुकानदार रवि भारद्वाज ने हिम्मत जुटाकर सबसे पहले एक बदमाश को दबोच लिया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
लूट या डकैती, फुटेज में दिख रहे पांच बदमाश:-व्यापारी व ग्रामीणों ने भले ही चार बदमाश देखे हों, लेकिन वीडियो फुटेज में दो बाइकों पर पांच बदमाश दिखाई दे रहे हैं। अगर पांच बदमाश वारदात में शामिल हैं तो यह वारदात डकैती है। वीडियो फुटेज में एक बाइक पर तीन बदमाश थे और दूसरी बाइक पर दो बदमाश दिखाई दे रहे हैं। चार बदमाश मुंह पर मफलर बांधे दिख रहे हैं, जबकि एक का चेहरा साफ दिख रहा है।
सराफ ने कहा, गहने मिल गए, पैसे नहीं मिले:-सराफ लालाराम रस्तोगी ने कहा, तीन बदमाशों को लोगों ने पकड़ लिया चौथा बदमाश किसी तरह 5 लाख लेकर भाग गया। घटना के बारे में कहा, मैं कुछ समझ पाता तब-तक एक ने मेरी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। फिर कहा, हल्ला मचाओगे तो गोली मार दूंगा। इतने में दूसरे बदमाश ने एक थैले में सोना-चांदी भरने को कहा। मैंने डर से सारे सोने चांदी के जेवर थैले में भर दिए। पुलिस एक घंटे की देरी से आई। लोगों ने कहा कि गुस्से में भीड़ ने तीनों की पिटाई कर दी। पिटाई से एक बदमाश का सिर फट गया। पुलिस के मुताबिक तीनों की हालत गंभीर है।
फिल्मी स्टाइल में हुई वारदात:-गांव खितौरा स्थित मुख्य बाजार में लालाराम रस्तोगी की दुकान से जेवर और रुपये लूटने की पूरी घटना फिल्मी स्टाइल में हुई। लूटपाट के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए बाइक पर सवार होने लगे। एक बदमाश के दोनों हाथों में तमंचे थे। एक के हाथ में लूटे हुए जेवर व रुपये से भरा बैग था। तीसरा बाइक चलाने लगा। इसी दौरान पड़ोसी दुकानदार रवि भारद्वाज ने साहस दिखाया और बाइक पर पीछे बैठे बदमाश को दबोचकर शोर भी मचा दिया। इसके बाद जुटे लोगों ने लाठियां बरसानी शुरू कर दीं।
लोगों से लुटेरे के घिरने के दौरान सराफ लालाराम ने लूटे गए आभूषणों को समेटा और दुकान के भीतर रख दिया। उसके बाद सैकड़ों की भीड़ बदमाशों को पीटने में लग गई। शोरशराबे के बीच भीड़ बढ़ती गई। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीण पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उधर, बदमाश ग्रामीणों की पिटाई से खून से लथपथ हो गए।खून ज्यादा बहता देखकर ग्रामीणों ने पीटना बंद कर दिया। करीब दो घंटे के हंगामे को शांत कराकर पुलिस बदमाशों को साथ ले गई।
घटना के बाद भी नहीं पहुंचे थाना प्रभारी:-घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण एवं व्यापारी प्रभारी निरीक्षक को बुलाने की मांग पर अड़ गए। आरोप है कि इस दौरान एक सिपाही एवं दारोगा ने व्यापारियों से घायल बदमाशों को अस्पताल पहुंचाने की बात कह दी। इसके बाद लोग भड़क उठे। काफी देर समझाने के बाद लोग शांत हुए और पुलिस बदमाशों को लेकर थाने चली गई।
आईसीयू में भर्ती तीनों बदमाशों की हालत गंभीर:-पुलिस ने दबोचे गए तीनों बदमाशों से पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम उघैती थाना क्षेत्र के गांव स्वरूपपुर निवासी सचिन पुत्र स्वराज, बिसौली कोतवाली के गांव परसिया निवासी अंकित पुत्र धनवीर एवं आंवला कोतवाली के गांव राजपुर खुर्द निवासी प्रदीप पुत्र सुरेश बताया है।व्यापारियों व ग्रामीणों की पिटाई से गंभीर रूप से बदमाश घायल हो गए हैं। सीएचसी से तीनों बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती तीनों बदमाशों की हालत गंभीर बताई जा रही है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी (समर इंडिया)

