Amroha Education News: उत्तर प्रदेश के जनपद अमरोहा स्थित श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय (SVU) में आगामी 15 जनवरी 2026 को ‘एकादश दीक्षांत समारोह’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि इस समारोह में देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और राजनेताओं का जमावड़ा लगेगा, जहां हजारों छात्र-छात्राओं को उनकी मेहनत का फल ‘उपाधि’ के रूप में प्रदान किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री डॉ. योगेन्द्र उपाध्याय होंगे मुख्य अतिथि
विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति डाॅ. राजीव त्यागी ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस ऐतिहासिक समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री (उच्च शिक्षा) डाॅ. योगेन्द्र उपाध्याय होंगे। उनके साथ ही जनपद के प्रभारी मंत्री श्री के.पी. मलिक और स्थानीय सांसद श्री कँवर सिंह तंवर भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
हजारों छात्रों को मिलेगी डिग्री, 24 मेधावियों को गोल्ड मेडल
इस वर्ष का दीक्षांत समारोह कई मायनों में खास है:
गोल्ड मेडल: उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं को ‘स्वर्ण पदक’ से नवाजा जाएगा।
चांसलर मेडल: विश्वविद्यालय के ओवरऑल सर्वश्रेष्ठ छात्र को प्रतिष्ठित ‘कुलाधिपति पदक’ प्रदान किया जाएगा।
मेडिकल पीजी: इस साल मेडिकल क्षेत्र में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) पूरा करने वाले 14 छात्रों को ‘डॉक्टर ऑफ मेडिसिन’ (MD) की उपाधि दी जाएगी।
हजारों स्नातक/पीएचडी स्कॉलर्स: स्नातक (UG), परास्नातक (PG) और पीएचडी (PhD) के हजारों छात्र डिग्री प्राप्त कर अपने पेशेवर जीवन की नई शुरुआत करेंगे।
प्रो. डी.एस. चौहान का मिलेगा मार्गदर्शन
दीक्षांत समारोह में भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) के पूर्व अध्यक्ष और विख्यात शिक्षाविद् प्रो. (डाॅ.) डी.एस. चौहान की उपस्थिति छात्रों के लिए विशेष प्रेरणादायी होगी। विश्वविद्यालय समूह के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरि अपने संबोधन के जरिए युवाओं को उज्जवल भविष्य और स्वर्णिम करियर के लिए गुरुमंत्र देंगे।
तैयारियों में जुटा विश्वविद्यालय प्रशासन
प्रेस वार्ता के दौरान कुलपति प्रो. कृष्णकान्त दवे, कुलसचिव प्रो. पीयूष कुमार पाण्डेय, और मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने बताया कि पिछले डेढ़ दशक में विश्वविद्यालय ने शोध और नवाचार के क्षेत्र में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जिसकी झलक इस दीक्षांत समारोह में देखने को मिलेगी।

