दिल्ली जाने-आने वाली ट्रेनों में बढ़ी सुरक्षा, बरेली मंडल में अलर्ट; नेपाल सीमा पर विशेष चौकसी
दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार की शाम कार धमाके के बाद बरेली जिले में अलर्ट घोषित किया गया है। बरेली होते हुए दिल्ली जाने-आने वाली ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।राजधानी एक्सप्रेस, लखनऊ मेल और वंदे भारत गाड़ियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।ब्लास्ट के बाद रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों से लेकर शहर भर में चेकिंग अभियान चलाया गया।एसएसपी और एसपी सिटी ने पुलिस टीमों के साथ चेकिंग की। बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत में भी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। पीलीभीत और लखीमपुर खीरी जिलों में भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है।

बरेली जंक्शन पर जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों की चेकिंग के साथ संदिग्धों की भी तलाशी ली गई। बरेली होते हुए दिल्ली और लखनऊ जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों के लगेज की भी चेकिंग की गई। पार्सल घर में भी अलर्ट कर दिया गया है। एसएसपी अनुराग आर्य भी जंक्शन पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा बंदोबस्त को देखा और सीसीटीवी कैमरों के संबंध में जानकारी ली।
भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता:-एसएसपी ने जिले के सभी थानेदारों को सार्वजनिक व संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरतने और नियमित चेकिंग के निर्देश दिए हैं।शहर में चलाए जा रहे अभियान की मॉनीटरिंग का जिम्मा एसपी सिटी मानुष पारीक को दिया गया है।भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे लाइनों की सुरक्षा को देखते हुए कांबिंग बढ़ा दी गई है।
एसएसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई अफवाह फैलाए तो तत्काल उसका खंडन कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस निरोधात्मक कार्रवाई करें।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी
Like this:
Like Loading...
Related