धनौरा (अमरोहा): उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के मेधावियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। धनौरा स्थित बी एस डी (BSD) एकेडमी के कुल 34 छात्र-छात्राओं ने उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल (लखनऊ व गोरखपुर) की प्रवेश परीक्षा सत्र 2026-27 में शानदार सफलता हासिल की है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर स्कूल परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहाँ सफल बच्चों को देश सेवा के लिए प्रेरित किया गया।
DSP अंजलि कटारिया ने दिया सफलता का मंत्र
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी (C.O.) धनौरा, अंजलि कटारिया (DSP) ने मेधावियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सेना में भर्ती होना सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा का सबसे बड़ा गौरव है। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, संघर्ष और कर्तव्यनिष्ठता का पाठ पढ़ाया और निरंतर कठिन परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मुजफ्फरनगर DAV कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ. शशि भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने गणित विभाग की अपनी विशेषज्ञता साझा करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
BSD एकेडमी: प्रतिभाओं की खान
एकेडमी के प्रबंधक नितिन धारीवाल ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं है जब संस्थान के बच्चों ने नाम रोशन किया हो। इससे पहले भी मिलिट्री स्कूल, गुरुकुल, नवोदय विद्यालय और विद्याज्ञान जैसी प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं में एकेडमी के सैकड़ों बच्चे चयनित होकर देश सेवा की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय बच्चों की मेहनत और अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
स्मृति चिन्ह देकर अतिथियों का आभार
समारोह के अंत में प्रबंधक नितिन धारीवाल और निर्देशिका सुशीला देवी ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन तेजपाल विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान भारी संख्या में अभिभावक और स्कूल स्टाफ मौजूद रहा, जिनमें रवि शर्मा, राहुल पाल, हर्षित महल, ललिता और अन्य शिक्षक शामिल थे।

