नयी दिल्ली: Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के लोग भारतीय परिवार का हिस्सा हैं और वह दिन दूर नहीं जब वे खुद भारत की मुख्यधारा में लौट आएंगे।
Rajnath Singh ने 3 सेना प्रमुखों के साथ की बैठक
पाकिस्तान के प्रति भारत के नीतिगत दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए सिंह ने कहा कि भारत ने आतंकवाद के प्रति अपनी रणनीति और प्रतिक्रिया को ‘‘नए सिरे से तैयार और परिभाषित” किया है तथा पाकिस्तान के साथ संभावित वार्ता केवल आतंकवाद और पीओके के मुद्दे पर ही होगी।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के ‘बिजनेस समिट’ में अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने पीओके के लोगों तक पहुंचने का व्यापक प्रयास किया और कहा कि भारत उन्हें अपने ‘‘अपने” परिवार का हिस्सा मानता है। उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के लोग हमारे अपने हैं, हमारे परिवार का हिस्सा हैं।”
उन्होंने कहा, ‘‘हमें पूरा विश्वास है कि हमारे जो भाई आज भौगोलिक और राजनीतिक रूप से हमसे अलग हो गए हैं, वे भी अपनी आत्मा की आवाज सुनकर किसी दिन भारत की मुख्यधारा में लौट आएंगे।”
Rajnath Singh पीओके के अधिकतर लोग भारत के साथ ‘‘गहरा जुड़ाव” महसूस करते हैं
सिंह ने कहा कि पीओके के अधिकतर लोग भारत के साथ ‘‘गहरा जुड़ाव” महसूस करते हैं और केवल कुछ ही लोग ‘‘गुमराह” हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भारत हमेशा दिलों को जोड़ने की बात करता है और हमारा मानना है कि प्रेम, एकता और सच्चाई के मार्ग पर चलते हुए वह दिन दूर नहीं जब हमारा अपना हिस्सा पीओके वापस लौटेगा और कहेगा, मैं भारत हूं, मैं वापस आ गया हूं।”

