Namo Bharat Train-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मेरठ में 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. दोपहर लगभग 12.30 बजे वे शताब्दी नगर स्टेशन पर देश के पहले नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इसके बाद प्रधानमंत्री शताब्दी नगर से मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो की सवारी भी करेंगे और पूरे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का शुभारंभ करेंगे.
इस ऐतिहासिक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री लगभग 1 बजे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और मेरठ के विकास के लिए हजारों करोड़ की विभिन्न योजनाओं की सौगात देंगे. सरकारी जानकारी के अनुसार, इन परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था आधुनिक होगी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी. यह दौरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के लिहाज से एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है.

