Kedarnath Yatra 2025 : केदारनाथ धाम की तीर्थयात्रा अब अपने दूसरे चरण में तेज़ी पकड़ चुकी है। जत्थों के रूप में तीर्थयात्री धाम पहुंच रहे हैं और प्रतिदिन 10,000 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। अब तक कुल 17,12,613 तीर्थयात्री केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। वहीं बदरीनाथ धाम में भी आस्था का सैलाब उमड़ रहा है, जहां रोज़ाना 12,000 से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
Kedarnath Yatra 2025 : मौसम सुहावना, तीर्थयात्रा में बढ़ी रौनक
इन दिनों धाम क्षेत्र में मौसम सुहावना बना हुआ है, जिसका लाभ तीर्थयात्री उठा रहे हैं। केदारनाथ के दर्शन के साथ ही यात्री प्राकृतिक सौंदर्य का भरपूर आनंद ले रहे हैं। बारिश के बाद पहाड़ियों की तलहटी में उगी हरी बुग्याली घास यात्रियों को आकर्षित कर रही है। स्थानीय व्यवसायी विनोद सेमवाल के अनुसार, बारिश के बाद तीर्थयात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और व्यापार भी गति पकड़ रहा है।
Kedarnath Yatra 2025 : बरसात में धीमी पड़ी थी तीर्थयात्रा
अगस्त माह में हुई अतिवृष्टि के कारण यात्रा काफी प्रभावित रही थी। गौरीकुंड हाईवे और आस्था पथ पर भूस्खलन और भूधंसाव की घटनाओं ने यात्रियों की आवाजाही को बाधित किया। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन को कुछ दिनों के लिए यात्रा रोकनी भी पड़ी थी। उस समय प्रतिदिन केवल 5,000 के आसपास तीर्थयात्री ही दर्शन के लिए पहुंच पा रहे थे।
Kedarnath Yatra 2025 : अब यात्रा फिर से ट्रैक पर लौटी
अब मौसम सामान्य होने के साथ ही यात्रा फिर से गति पकड़ रही है। दूसरे चरण की तीर्थयात्रा में न सिर्फ श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है, बल्कि यात्रा का प्रबंधन भी सुचारु रूप से चल रहा है। जत्थों में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं, जिससे यात्रा में एक नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। प्रशासन और स्थानीय व्यवसायियों को भी उम्मीद है कि आगामी सप्ताहों में यह संख्या और बढ़ेगी।

