पत्नी से परेशान पति ने दी जान: मरने से पहले रिकॉर्ड किया ऑडियो, ससुरालवालों पर लगाए कई आरोप..
बदायूं।सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ब्राहमपुर रजी चौक निवासी राहुल दुबे (22 वर्ष) का शव मंगलवार को घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। मरने से पहले उसने अपने मोबाइल फोन में ऑडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें अपनी पत्नी व ससुरालवालों को मौत का जिम्मेदार बताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फोन में मिले ऑडियो में राहुल कहता है कि पत्नी उसके साथ नहीं रहना चाहती थी। वह लगातार उसको परेशान करती आ रही थी। सात लाख रुपये की मांग करती थी और अपने भाई-भाभी,बहन-बहनोई के साथ दिल्ली में रहने का दबाव बना रही थी।परिवार के लोगों पर दहेज उत्पीड़न व घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे रही थी। इसी से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई शिवम दुबे ने बताया कि राहुल जागरण पार्टी में काम करता था। साथ ही इको गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी 21 मई 2023 को सहसवान के मोहल्ला अकबराबाद की रहने वाली दुर्गा दीक्षित के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही वह अपने भाइयों के साथ दिल्ली में रह रही है।

इसी परेशान होकर राहुल ने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने परिवार व मिलने वाले लोगों के पास ऑडियो भेज दी। उसमें उसने अपनी पत्नी व ससुरालियों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। राहुल के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

