Haryana News-फरीदाबाद : LPG के कमर्शियल सिलेंडरों पर 9 मार्च से सरकार द्वारा रोक लगा दी गई है जिसके बाद अब गैस एजेंसी पर लोगों की लंबी-लंबी कतार देखने को मिल रही है। वहीं होटल संचालक और रेस्टोरेंट मालिक भी परेशान नजर आ रहे हैं। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि 9 मार्च से अचानक सिलेंडरों का मिलना बंद हो गया है इसके चलते अब मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
होटल संचालकों का कहना है कि हर चीज के लिए लकड़ी की भट्ठी नहीं चला सकते इसीलिए बड़े सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में बड़े सिलेंडर मिल नहीं रहे तो कहीं ना कहीं अब आने वाले समय में होटल और रेस्टोरेंट बंद करने पड़ सकते हैं।
वहीं LPG के बड़े सिलेंडर न मिलने को लेकर गैस एजेंसी पर काम करने वाले लोगों ने बताया कि बड़े सिलेंडरों यानी कि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पीछे से ही बंद कर दी गई है जिसके चलते आगे भी बड़े सिलेंडरों की सप्लाई नहीं की जा रही है। हालांकि एजेंसी संचालक ने यह भी माना कि एलपीजी घरेलू सिलेंडर की कोई कमी नहीं है सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर ही बंद किए गए हैं।
एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारों में खड़े हुए लोगों का आरोप है कि उन्हें घरेलू सिलेंडर भी समय पर नहीं मिल रहे हैं। कई दिन पहले सिलेंडरों की बुकिंग कर दी गई है और अब एजेंसी से सिलेंडर मिलने में दिक्कत आ रही है। वह चाहते हैं कि जिस रेट में उन्होंने सिलेंडर बुक किए थे, उन्हें उसी रेट में अब सिलेंडर दिए जाए ना की रेट बढ़ाकर।

