Ganga Expressway: गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के नीचे ट्रैक्टरों से हो रहा था खतरनाक खेल, पुलिस ने की ये कार्रवाई
बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के नीचे ट्रैक्टरों को चेन से बांधकर खतरनाक स्टंट किया गया। दो ट्रैक्टरों को आपस में जंजीर से बांधकर विपरीत दिशा में खींचने की प्रतियोगिता कराई गई। जिसमें हार-जीत पर दस-दस हजार रुपये तक का दांव लगाया गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी।
मामला बरेली-मथुरा हाईवे स्थित गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के नीचे गांव ददमई के पास का बताया जा रहा है। यहां पिछले दो दिनों से हाई हॉर्सपावर ट्रैक्टरों के बीच यह जोर-अजमाइश कराई जा रही थी। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो ट्रैक्टर आपस में लोहे की चेन बंधे हुए हैं और एक-दूसरे को खींचने की कोशिश कर रहे हैं|जबकि कुछ स्थानों पर तीन ट्रैक्टरों को भी एक साथ बांधकर ताकत आजमाई जा रही थी।

एक किमी दूर थाना, पुलिस को नहीं लगी भनक:-बताया जाता है कि घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर थाना मुख्यालय होने के बावजूद पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। बाद में ददमई निवासी एक चर्चित ट्रैक्टर चालक द्वारा अपने इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट पर वीडियो अपलोड करने के बाद मामला प्रकाश में आया।
वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने शनिवार अपराह्न कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टरों को गांव से मंगवाकर थाना परिसर में खड़ा कराया और उन्हें सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक अरिहंत कुमार ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की गई है। दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर सीज किया जा रहा है तथा मामले की जांच की जा रही है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

