नई दिल्ली | अंतर्राष्ट्रीय डेस्क जापान के एक चिड़ियाघर से एक ऐसी मार्मिक कहानी और वीडियो सामने आया है, जिसने पूरी दुनिया में इंटरनेट यूजर्स की आंखें नम कर दी हैं। इचिकावा सिटी चिड़ियाघर में पैदा हुए एक नन्हे बंदर ‘पंच’ को जन्म के तुरंत बाद उसकी मां ने बेसहारा छोड़ दिया था। मां की ममता से महरूम इस नन्हे जीव ने अब एक नारंगी रंग के सॉफ्ट टॉय (Orangutan Toy) को ही अपनी ‘मां’ मान लिया है।
खिलौने से लिपटकर सोता और घूमता है पंच
जुलाई 2025 में जन्म लेने के बाद जब पंच की मां ने उसे त्याग दिया, तो चिड़ियाघर के कर्मचारियों ने उसे पालने की जिम्मेदारी उठाई। भावनात्मक सहारा देने के लिए कर्मचारियों ने उसे एक ओरंगुटान का सॉफ्ट टॉय दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पंच इस खिलौने से किस कदर जुड़ चुका है। वह इसे कसकर पकड़े रहता है, अपनी पीठ पर लादकर पूरे बाड़े में घूमता है और सोते समय भी इसी खिलौने के साथ लिपटकर सोता है।
सोशल मीडिया पर उमड़ी संवेदनाएं
पंच की यह कहानी इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गई है। लोग इस नन्हे बंदर के संघर्ष और मासूमियत को देखकर भावुक हो रहे हैं। जापानी यूजर्स और दुनिया भर के लोग पंच का हौसला बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर #GanbarePunchkun और #HangInTherePunch (लगे रहो पंच) हैशटैग का जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं।
IKEA जापान की दिल छू लेने वाली पहल
इस मार्मिक कहानी के वायरल होने के बाद, मशहूर कंपनी IKEA जापान ने एक बेहद मानवीय कदम उठाया है। पंच और उसकी ‘खिलौना मां’ के बीच के इस गहरे जुड़ाव को देखते हुए, कंपनी ने चिड़ियाघर को ऐसे ही कई ओरंगुटान खिलौने दान किए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खेलते या घूमते वक्त अगर खिलौना खराब हो जाए, तो पंच के पास अपनी ‘मां’ का साथ कभी न छूटे।
जिंदगी की ओर पंच के नए कदम
इस पूरी कहानी में सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि पंच अब धीरे-धीरे एक सामान्य जीवन की ओर लौट रहा है। चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार, पंच ने अब अपने असली बंदर समूह के साथ घुलना-मिलना शुरू कर दिया है। समूह के अन्य बंदरों ने भी उसे स्वीकार करना शुरू कर दिया है और वे ग्रूमिंग (साफ-सफाई) के जरिए पंच के प्रति अपनापन दिखा रहे हैं।

