बांका, बिहार: सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक ‘फेसबुक फ्रेंडशिप’ का अंत इतना दर्दनाक होगा, यह पीड़िता ने सपने में भी नहीं सोचा था। बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नोएडा में कार्यरत एक महिला इंजीनियर ने अपने पति पर दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी और तीन शादियां करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि उसके पति ने उसे धोखे में रखकर न केवल शादी की, बल्कि दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर तीसरी शादी भी रचा ली।
फेसबुक पर प्यार, फिर शादी और फिर शुरू हुआ ‘खूनी’ खेल
चटमाडीह गांव की रहने वाली नीलू कुमारी नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर के पद पर तैनात थीं। साल 2023 में फेसबुक के जरिए उनकी मुलाकात मुंगेर के नवनीत राज से हुई। दोस्ती प्यार में बदली और 2024 में दोनों ने परिवार की मर्जी से शादी कर ली। शादी के बाद नीलू ने एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन यहीं से उसकी जिंदगी नर्क बन गई।
दहेज के 10 लाख और तीसरी शादी का ‘शॉक’
नीलू का आरोप है कि बेटी पैदा होते ही ससुराल वालों के सुर बदल गए।
10 लाख की मांग: पति और ससुराल पक्ष ने 10 लाख रुपये दहेज लाने का दबाव बनाया।
शारीरिक प्रताड़ना: मांग पूरी न होने पर नीलू को मानसिक और शारीरिक रूप से टॉर्चर किया गया।
शादियों की कतार: प्रताड़ना के बीच नीलू को पता चला कि नवनीत ने उससे पहले भी एक शादी की थी। हद तो तब हो गई जब दहेज न मिलने पर नवनीत ने मधुबनी की शिवानी कुमारी से तीसरी शादी भी कर ली।
थाने पहुंची पीड़िता, पुलिस ने शुरू की जांच
धोखे और बेबफाई से टूटी नीलू सोमवार को अपनी मां के साथ शंभूगंज थाना पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। उसने पति पर बिना तलाक दिए कई शादियां करने और विश्वासघात का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

