Donald Trump Hormuz Blockade : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान करते हुए तेल संकट को और गहरा दिया है। दरअसल, ट्रंप ने अमेरिकन नेवी, होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों के प्रवेश और निकास को रोकेगी और इसके लिए ‘तत्काल’ रूप से नाकेबंदी शुरू करेगी। बता दें कि ट्रंप ने यह घोषणा पाकिस्तान में हुई अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के बेनतीजा रहने के बाद की है।
रणनीतिक नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश में अमेरिका
जान लें कि ट्रंप अब उस समुद्री मार्ग पर रणनीतिक नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश करेंगे, जो जंग शुरू होने से पहले वैश्विक तेल आपूर्ति के 20 फीसदी के ट्रांसपोर्टेशन के लिए जिम्मेदार था। ऐसा करके ईरान के प्रमुख प्रभाव स्रोत को खत्म करने की कोशिश की जाएगी।
अमेरिका से कदम से गहराएगा ऊर्जा संकट
गौरतलब है कि अमेरिकी नाकाबंदी के ऐलान से ग्लोबल एनर्जी मार्केट और तेल, प्राकृतिक गैस और उससे जुड़े उत्पादों के दाम में और ज्यादा अस्थिरता आने की आशंका है। हालांकि, यह साफ नहीं किया गया कि अमेरिकी नौसेना नाकेबंदी की शुरुआत कैसे और कब करेगी।
ईरान को टोल देने वालों पर गिरेगी गाज
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अमेरिका की नौसेना को अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र से गुजरने के लिए ईरान को टोल देने वाले हर जहाज की खोज और उसे रोकने के लिए निर्देश दिए हैं। अवैध रूप से टोल चुकाने वाले किसी भी जहाज को खुले समुद्र में सुरक्षित मार्ग नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका की इस नाकाबंदी में अन्य देश भी शामिल होंगे, लेकिन ट्रंप ने उनके नाम नहीं बताए।
ईरान को डोनाल्ड ट्रंप ने दी धमकी
ट्रंप ने इस बात पर जोर दिया कि तेहरान की परमाणु महत्वाकांक्षाएं जंग को खत्म करने में नाकामयाबी का मूल कारण थी। उन्होंने कहा कि अमेरिका, ईरान को पूरी तरह से खत्म करने के लिए ‘उचित समय’ का इंतजार कर रहा है।

