अंतरराष्ट्रीयराष्ट्रीयउत्तर प्रदेशउत्तराखंडपंजाबहरियाणाझारखण्डऑटोमोबाइलगैजेट्सखेलनौकरी और करियरमनोरंजनराशिफलव्यवसायअपराध

---Advertisement---

Haryana Cmharyana Sports-खेल सुविधाओं का किया जा रहा विस्तार:मुख्यमंत्री

On: February 10, 2026 3:45 PM
Follow Us:
Haryana cm office
---Advertisement---

गुड़गांव : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा खेलों का पावर हाउस बन चुका है, जिसकी माटी फसल ही नहीं उगाती अपितु मैदान में चैंपियन भी पैदा करती है। अब हरियाणा केवल किसानों और जवानों की भूमि ही नहीं, बल्कि खेलों की धरती के रूप में पूरे देश में अपनी पहचान बना चुका है। आज राष्ट्रीय खेलों से लेकर ओलंपिक तक हरियाणा की गूंज सुनाई देती है। सरकार का उद्देश्य है प्रदेश का कोई भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को गुरूग्राम स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में मुख्यमंत्री कप का शुभारंभ एवं 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को पुरस्कार वितरित करने के उपरांत उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों के 417 पदक विजेता तथा प्रतिभागी खिलाड़ियों को लगभग 24 करोड़ रुपए की राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की। उन्होंने हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री सविता पूनिया को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन हरियाणा की खेल प्रतिभा, अनुशासन, परिश्रम और संकल्प का उत्सव है तथा आज गुरुग्राम की यह पावन धरती दो खेल उत्सवों के रंग में रंगी है। हरियाणा की मिट्टी केवल फसल ही नहीं बल्कि चैंपियन भी पैदा करती है। इस भूमि पर पसीना बहाकर खेलों में इतिहास रचा जाता है। कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी से विधायक बिमला चौधरी, खेल विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया तथा खेल विभाग के निदेशक पार्थ गुप्ता उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खेल मंच हमारे युवाओं के सपनों को पंख देते हैं और खिलाड़ी राष्ट्र के गौरव को नई उंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लेते हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों ने उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में अद्भुत प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में अपनी पहचान बनाई है। प्रदेश के 689 खिलाड़ियों ने 33 विभिन्न खेलों में भाग लेकर अपने दमखम, समर्पण और प्रतिभा का परिचय देते हुए 153 पदक जीतकर यह सिद्ध कर दिया कि हरियाणा आज खेलों का पावर हाउस बन चुका है। इन खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी वर्षों की मेहनत, त्याग व संघर्ष से 48 स्वर्ण, 47 रजत और 58 कांस्य पदक प्राप्त किए है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि खिलाड़ी प्रदेश के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। सरकार द्वारा राष्ट्रीय खेलों के स्वर्ण पदक विजेता को 7 लाख रुपये, रजत पदक विजेता को 5 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेता को 3 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। साथ ही प्रतिभागियों को भी 51-51 हजार रुपए की राशि भी प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के माता-पिता व प्रशिक्षकों का भी आभार व्यक्त किया, जिनकी प्रेरणा के परिणाम स्वरूप ही ये खिलाड़ी देश और प्रदेश का गौरव बनकर खड़े हैं।

मुख्यमंत्री कप के प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तीन दिवसीय मुख्यमंत्री कप की 6 खेल प्रतियोगिताओं में 3 हजार 600 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस कप में स्वर्ण पदक विजेता को 1 लाख रुपये, रजत पदक विजेता को 70 हजार रुपये तथा कांस्य पदक विजेता को 50 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। इस कप का आयोजन प्रदेश सरकार की उस सोच का प्रतीक है, जिसमें हर गांव व हर शहर से प्रतिभा को पहचान कर आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश के पहलवान, मुक्केबाज, एथलीट, निशानेबाज, हॉकी और अनेक अन्य खेलों के खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे कार्यक्रमों ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। आज खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का माध्यम बन चुके हैं। स्वस्थ युवा, विकसित भारत की नींव हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का आचरण, मेहनत भावी पीढ़ियों को दिशा देगी। खिलाड़ी सदैव अनुशासन, विनम्रता और देशभक्ति को अपने जीवन का आधार बनाए। हार से कभी निराश न हो और जीत पर कभी अहंकार न करे, यह दोनों ही समान रूप से आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।

 

हरियाणा में खेलों के लिए दोगुना किया बजट

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हरियाणा में खिलाड़ियों के कल्याण व प्रोत्साहन के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सरकार ने पूरे राज्य में खेल सुविधाएं विकसित करने पर पिछले 11 सालों में 989 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। खेल विभाग का बजट भी बढ़ाकर दोगुना से ज्यादा कर दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014-15 में यह 275 करोड़ रुपये था। बीजेपी सरकार ने इसे बढ़ाकर चालू वित्त वर्ष में 602 करोड़ 18 लाख रुपये का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ओलंपिक, पैरालंपिक व अन्य अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाडिय़ों को 6 करोड़ रुपये तक के नकद पुरस्कार दे रही है।

 

खेल सुविधाओं का किया जा रहा विस्तार:मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राई जिला सोनीपत में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की है। वर्तमान में राज्य में 3 राज्य स्तरीय खेल परिसर, 21 जिला स्तरीय खेल स्टेडियम, 25 उपमंडल स्टेडियम, 163 राजीव गांधी ग्रामीण खेल परिसर, 245 ग्रामीण स्टेडियम तथा गांवों में 382 इनडोर जिम उपलब्ध हैं। इनके अलावा, 10 स्विमिंग पूल, 11 सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, 14 हॉकी एस्ट्रोटर्फ, 2 फुटबॉल सिंथेटिक सतह और 9 बहुउद्देशीय हॉल भी बनाए गए हैं। साथ ही प्रदेश के 16 जिलों में जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय में सुविधा केन्द्रों का निर्माण 3 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।

 

नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार खिलाडिय़ों को खेल उपकरण भी उपलब्ध करवा रही हैं। इसके लिए हरियाणा खेल उपकरण प्रावधान योजना बनाई है। इसके तहत 15 हजार 634 खिलाडिय़ों को उपकरण प्रदान किये जा चुके हैं। प्रदेश में वर्तमान में 1 हजार 472 खेल नर्सरियां संचालित हैं। इनमें 37 हजार से अधिक बच्चे नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इन नर्सरियों में 8 से 14 वर्ष के खिलाडिय़ों को 1500 रुपये तथा 15 से 19 वर्ष के खिलाडिय़ों को 2 हजार रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता दी जाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!