Chilla Recipe :नई दिल्ली। नाश्ते में हेल्दी चीजें खाने के शौकीन हैं तो आप एक बार काले चने और चुकंदर का चीला बनाकर जरूर खाएं। ये चीला खाने में जितना टेस्टी लगता है इसे बनाना उतना ही आसान है। चुकंदर की वजह से चीला में गुलाबी रंग आ जाता है जो दिखने में बड़ा ही खूबसूरत लगता है। चना और चुकंदर से बना ये चीला प्रोटीन, फाइबर और पोषण से भरपूर है। इसे खाने से लंबे समय तक पेट भरा रहेगा और आपको दोपहर तक भूख नहीं लगेगी। आप इस चीला को खाने के बाद चटकारे लेकर दोबारा इस रेसिपी को ट्राई करेंगे। वजन घटाने वाले भी इस चीला को खा सकते हैं। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।
काला चना और चुकंदर का चीला रेसिपी
पहला स्टेप- चीला बनाने के लिए आपको काले चने लेने हैं। करीब 1 कप काला चना रातभर के लिए पानी में भिगो दें। अब चना को धो लें और किसी बाउल में निकाल लें। चना में करीब 2 बड़े चम्मच सूजी डालें। 1 बड़ा चम्मच दही डालें। आधा छिला और टुकड़ों में कटा चुकंदर डाल दें। एक हरी मिर्च और थोड़ा अदरक डाल दें।
दूसरा स्टेप- अब इसमें जीरा, नमक और थोड़ा पानी डालकर मिक्सी में इसे पीसकर पेस्ट जैसा तैयार कर लें। तैयार बैटर को बाउल में निकालें और थोड़ी देर मिक्स करें। अब इसे 10 मिनट के लिए ढककर रख दें।
तीसरा स्टेप– समय पूरा होने के बाद बैटर में आधी छोटी चम्मच ईनो पाउडर मिलाएं और बैटर को एक बार मिक्स कर लें। अब तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा ऑयल लगा दें। बैटर को डोसा और चीला की तरह फैला दें। ऊपर से थोड़ा घी डालकर चीला को सेंक लें।
चौथा स्टेप- तैयार किए गए चीला को हरी चटनी या मूंगफली की चटनी के साथ सर्व करें। बच्चों को भी इस लाल रंग के चीला का स्वाद काफी पसंद आएगा। इसे खाने के बाद लंबे समय तक पेट फुल रहेगा और भूख नहीं लगेगी।

