Chamoli News : उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र में बुधवार देर रात कुदरत ने कहर बरपाया। भारी बारिश और बादल फटने की घटना से गांवों में तबाही मच गई। मकान मलबे में दब गए, लोग लापता हैं और ग्रामीणों की आंखों में खौफ साफ नजर आ रहा है। एक ही रात में तीन गांवों — कुंतरी लगा फाली, कुंतरी लगा सरपाणी और धुर्मा — में घर, गौशालाएं और जीवन मलबे में समा गए। अब तक 12 लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है और करीब 30 से अधिक भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं। रेस्क्यू टीमें मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटी हैं, वहीं 200 से अधिक ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

Chamoli News : तीन गांवों में भारी नुकसान, लोग मलबे में दबे
घाट तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुंतरी लगा फाली में सबसे अधिक तबाही हुई है। यहां 8 लोग लापता हैं और 15 से 20 भवन व गौशालाएं पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। बुधवार रात करीब तीन बजे मूसलधार बारिश के दौरान अचानक मलबा घरों पर आ गिरा। राहत की बात यह रही कि दो महिलाओं और एक बच्चे को पुलिस और डीडीआरएफ की टीमों ने सुरक्षित मलबे से बाहर निकाल लिया। तीनों को प्राथमिक इलाज के लिए नंदानगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इसी प्रकार, कुंतरी लगा सरपाणी गांव में दो लोग लापता हैं और दो भवन ध्वस्त हुए हैं। यहां भी 100 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला गया है।
Chamoli News : मोक्ष नदी उफान पर, पहुंच में बाधा बना भूस्खलन
ग्राम धुर्मा में मोक्ष नदी के उफान पर आने से हालात और बिगड़ गए हैं। यहां दो लोग लापता हैं और करीब 10 मकानों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। रेस्क्यू कार्य में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी (गौचर 8वीं वाहिनी), डीडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें जुटी हुई हैं। हालांकि सड़कों के जगह-जगह से टूटने और भूस्खलन के कारण टीमों को मौके तक पहुंचने में भारी कठिनाई हो रही है। अधिकतर राहत टीमें अब पैदल रास्तों से घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं, जिससे राहत कार्यों में समय लग रहा है।

Chamoli News : सरकार सतर्क, मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन सचिव से स्थिति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि लापता लोगों की खोज में कोई लापरवाही न बरती जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत शिविरों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन, डीआईजी राजकुमार नेगी और यूएसडीएमए की टीमों ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से निगरानी शुरू कर दी। इस बीच मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों — विशेषकर नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ — में आज भी तेज बारिश की संभावना है और येलो अलर्ट जारी किया गया है। 23 सितंबर तक प्रदेशभर में हल्की बारिश के आसार हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन और बदलते मौसम पैटर्न के कारण इस बार मानसून अधिक तीव्र और अनियमित रहा है।



