CET-2025 : हरियाणा राज्य कर्मचारी चयन आयोग ने आखिरकार लाखों युवाओं का इंतजार खत्म कर दिया है। मंगलवार को आयोग ने सीईटी (संयुक्त पात्रता परीक्षा)-2025 की तिथियां घोषित कर दीं। परीक्षा 26 और 27 जुलाई को चार सत्रों में आयोजित की जाएगी। सुबह के सत्र की समयावधि 10:00 बजे से 11:45 बजे तक और शाम के सत्र की समयावधि 3:15 बजे से 5:00 बजे तक होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया पर इस खबर की घोषणा की, जिससे प्रदेशभर के अभ्यर्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
CET-2025 : ऑफलाइन आधारित परीक्षा, मल्टीपल च्वाइस सवाल
भूपेंद्र सिंह चौहान, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य ने जानकारी दी कि सीईटी ग्रुप-सी की परीक्षा ऑफलाइन होगी और ओएमआर शीट आधारित होगी। परीक्षा में केवल मल्टीपल च्वाइस के सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा दोनों भाषाओं—हिंदी और अंग्रेजी—में आयोजित की जाएगी, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को भाषा संबंधी कोई परेशानी न हो। परीक्षा का कुल अंक 100 होगा और इसकी अवधि 1 घंटे 45 मिनट (105 मिनट) की होगी। अंत में 5 मिनट का समय पाँचवें उत्तर विकल्प को भरने के लिए निर्धारित किया जाएगा।
CET-2025 : परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम
हरियाणा राज्य कर्मचारी चयन आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की घोषणा की है। सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक्स, थंप इंप्रेशन, चेहरे की स्कैनिंग, और क्यूआर कोड स्कैनिंग जैसे आधुनिक तकनीकी उपायों के जरिए परीक्षा केंद्रों पर पूरी निगरानी रखी जाएगी। कुल 1684 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें एक सत्र में 4,73,415 परीक्षार्थी बैठ सकेंगे। हर केंद्र पर 10 से 12 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी, और प्रत्येक केंद्र पर एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी।
CET-2025 : मुख्यमंत्री ने की युवाओं के लिए रोजगार के संकल्प की पुष्टि
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सीईटी-2025 की परीक्षा की घोषणा करते हुए लिखा कि “बिना खर्ची, बिना पर्ची रोजगार दे रही भाजपा सरकार…” उन्होंने यह भी बताया कि युवाओं से किया गया हर संकल्प उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के तहत सीईटी-2025 ग्रुप-सी परीक्षा 26 और 27 जुलाई को प्रदेशभर में आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से प्रदेश के युवाओं को रोजगार की नई उम्मीदें जगी हैं, जो सीईटी परीक्षा के माध्यम से सरकारी नौकरी प्राप्त करना चाहते हैं।

