Budaun News: 50 हजार का इनामी केशव हत्या की साजिश में पुलिस हिरासत के बाद फिर गया जेल
बदायूं। एचपीसीएल प्लांट में दो अधिकारियों की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के सगे भाई केशव सिंह को भी साजिशकर्ता के रूप में नामजद किया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी बरेली द्वारा पहले ही केशव पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका था।
बताया जा रहा है कि अजय, केशव और उनके तीसरे भाई चंद्रशेखर के खिलाफ 25 मार्च को प्लांट से जुड़े एक कर्मचारी के साथ मारपीट का केस भी दर्ज हुआ था।इसी मामले में केशव और चंद्रशेखर ने बीते बुधवार को न्यायालय में सरेंडर किया था,जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था।
इधर,पुलिस ने हत्याकांड की साजिश में केशव की संलिप्तता को लेकर उसे हिरासत में लेने के लिए सीजेएम कोर्ट में आवेदन किया। न्यायालय ने पुलिस के तर्कों को स्वीकार करते हुए बृहस्पतिवार को आरोपी को पुलिस हिरासत में देने का आदेश जारी किया। इसके बाद पुलिस ने केशव से पूछताछ की और पुनः उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे वापस जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार,अब केशव सिंह के बयान दर्ज किए जाएंगे।आगे की पूछताछ के लिए उसे दोबारा रिमांड पर लिया जाएगा। सीओ सिटी एवं जांच अधिकारी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि हत्या की साजिश में नामजद केशव को पुलिस हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की गई है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
वहीं केशव सिंह की ओर से अधिवक्ता सोमेंद्र सोलंकी ने भी सीजेएम कोर्ट में आवेदन प्रस्तुत किया है,जिसमें मांग की गई है कि पुलिस द्वारा की जाने वाली पूछताछ अधिवक्ता की उपस्थिति में की जाए।साथ ही रिमांड के दौरान भी पक्ष रखने का अवसर दिए जाने की बात कही गई है|रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

