यमुना नगर। भारतीय जनता पार्टी (BJP ) महिला मोर्चा ने आज मॉडल टाउन स्थित मेयर हाउस के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव का पुतला फूंका। यह विरोध प्रदर्शन बिहार के दरभंगा में एक सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता पर कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के विरोध में किया गया।
BJP ने राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को बताया ‘फ्लॉप’
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व मेयर सुमन बहमनी ने किया। प्रदर्शन से पहले, महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने पुतलों को जूतों और डंडों से पीटा और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि प्रधानमंत्री की दिवंगत माता का अपमान करना केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण भारतीय संस्कृति, हर मां और हर महिला के सम्मान पर हमला है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में मां को देवी का दर्जा दिया गया है।
BJP ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मां को देवी का दर्जा दिया गया है
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह आचरण दर्शाता है कि पार्टी न तो भारतीय संस्कृति का सम्मान करती है और न ही देश की भावनाओं का। बहमनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ देशवासियों की सेवा के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। ऐसे नेता की माता पर अभद्र टिप्पणी करना पूरे देश के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाता है। उन्होंने इस बयान की कड़ी निंदा की और कहा कि देश की जनता कांग्रेस के इन आचरणों को समझती है और लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।

