Badaun News: धर्म परिवर्तन की सूचना पर दौड़ी पुलिस, दावत होती मिली
उसावां।धर्म परिवर्तन की सूचना पर राष्ट्रीय बजरंग दल और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।जहां भंडारा चलता मिला।महिला और पुरुष बड़ी संख्या में खाना खाते मिले।सूचना गंभीर होने के कारण सीओ दातागंज भी उसावां पहुंच गए।उन्होंने आयोजक से कड़ी पूछताछ की।बाद में आयोजक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
कस्बे के वार्ड-दो निवासी सर्वेश पुत्र रामचंद्र ने दो वर्ष पहले ईसाई धर्म अपना लिया था।रविवार को दोपहर में अपने घर में भंडारे का आयोजन किया था।इसमें परिचितों व रिश्तेदारों को बुलाया और बताया कि ईस्टर को लेकर उसने यह आयोजन रखा है।राष्ट्रीय बजरंग दल को सूचना मिली कि सर्वेश अपने घर में लोगों का धर्म परिवर्तन करा रहा है।उन्होंने थाना पुलिस को सूचना दी।इसके बाद थाना पुलिस व बजरंग दल के लोग मौके पर पहुंच गए।
पुलिस को महिलाएं व पुरुष दावत खाते हुए मिले।धर्म परिवर्तन जैसे कोई प्रमाण नहीं मिले।पूछताछ में सर्वेश ने आयोजन को ईस्टर का कार्यक्रम बताया।थाना पुलिस आयोजक को थाने ले लाई।सूचना पर सीओ दातागंज राहुल पांडे भी थाने पहुंच गए और आयोजक से पूछताछ की।इसके बाद आयोजक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर दी गई।एसपी सिटी विजेन्द्र द्विवेदी ने मौके पर पहुंच कर मोहल्ले वालों से जानकारी ली।भंडारे का आयोजन करा रहे सर्वेश की पत्नी ने बताया कि वह ईसाई धर्म को मानते हैं। सत्संग के बाद भंडारे का आयोजन किया था।एसपी सिटी ने मोहल्ले वालों से धर्म परिवर्तन के बारे में जानकारी ली। बाद में उन्होंने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

