Badaun News: करोड़ों की ठगी के आरोपी आरके गोला के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई शुरू, बदायूं में चार बीघा भूमि कुर्क
बदायूं बरेली में निवेश के नाम पर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये के ठगी करने के आरोपी आईसीएल म्यूचुअल बेनिफिट्स लिमिटेड के निदेशक आरके गोला उर्फ रूप किशोर गोला के खिलाफ कुर्की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।जिला उपभोक्ता प्रतितोष आयोग ने पिछले साल आरके गोला को आदेश दिया था कि वह निवेशकों का भुगतान करे।चार अलग-अलग आदेशों के अनुपालन में गोला को एक करोड़ से ज्यादा का भुगतान करना था।लेकिन उसने ऐसा नहीं किया।
आयोग के आदेशों के अनुपालन में 79.77 लाख रुपये भुगतान नहीं करने पर प्रशासन ने बदायूं के परगना उझानी के गांव मिढ़ौली स्थित उसकी चार बीघा भूमि को कुर्क कर लिया है। गोला की अन्य संपत्तियों को भी सूचीबद्ध किया जा रहा है।बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव रमजानपुर में उसका आलीशान मकान भी है। बरेली, पीलीभीत, रुद्रपुर में भी उसकी करोड़ों की संपत्तियां हैं, जिन्हें वह ठिकाने लगा रहा है।उसके खिलाफ बरेली, बदायूं, पीलीभीत के अलावा उत्तराखंड में भी ठगी के कई मामले दर्ज हैं। सशर्त जमानत पर छूटने के बाद भी उसने उपभोक्ताओं का भुगतान नहीं किया।

