Badaun News: बदायूं | शिक्षा एवं रोजगार डेस्क (रिपोर्ट- जयकिशन सैनी)
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB), लखनऊ के निर्देशानुसार बदायूं जनपद में आरक्षित नागरिक पुलिस में उपनिरीक्षक (SI – Sub Inspector) भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा की तैयारियां जोरों पर हैं। यह अहम परीक्षा आगामी 14 और 15 मार्च 2026 को जिले के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
परीक्षा को पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी अवनीश राय ने कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सभी संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की और कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।
परीक्षा का पूरा शेड्यूल और अभ्यर्थियों के आंकड़े
लिखित परीक्षा दोनों दिन (14 व 15 मार्च) दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली की अवधि 120 मिनट (2 घंटे) निर्धारित की गई है:
प्रथम पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
द्वितीय पाली: दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक
अभ्यर्थियों की संख्या: प्रत्येक पाली में कुल 4,320 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार, दोनों दिन की कुल चार पालियों में बदायूं जनपद से 17,280 अभ्यर्थी इस भर्ती परीक्षा में अपना भाग्य आजमाएंगे।
DM के कड़े निर्देश: परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर
बैठक में डीएम अवनीश राय ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही या सेंधमारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ICCCC कंट्रोल रूम से निगरानी: परीक्षा की समस्त व्यवस्थाओं और केंद्रों की निगरानी सीधे कलेक्ट्रेट स्थित ICCC कंट्रोल रूम से की जाएगी।
सघन चेकिंग: परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी (Frisking) और पहचान पत्रों की सख्ती से जांच होगी।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर बैन: मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और अन्य सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी केंद्रों को सीसीटीवी (CCTV) कैमरों से लैस किया गया है।
यातायात और सुविधाएं: अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज बस स्टैंड और पुलिस लाइन चौराहे सहित प्रमुख स्थानों पर यातायात, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि शहर में जाम न लगे। परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, एम्बुलेंस और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
जिले में बनाए गए 15 परीक्षा केंद्र
जनपद में इस प्रतिष्ठित परीक्षा के लिए कुल 15 विद्यालयों और महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र (Exam Centers) बनाया गया है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय
हाफिज सिद्दीकी इस्लामिया इंटर कॉलेज
केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज
महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज (उझानी)
एनएमएसएन दास डिग्री कॉलेज
नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, पार्वती आर्य कन्या इण्टर कॉलेज
पीएम राजकीय इण्टर कॉलेज, पीएम राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज
राजाराम महिला इण्टर कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय
राजकीय पॉलिटेक्निक, राजकीय महिला महाविद्यालय
श्री कृष्ण इंटर कॉलेज और सिगलर गर्ल्स इण्टर कॉलेज।
इन केंद्रों पर परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की ड्यूटी लगा दी गई है। आपात स्थिति के लिए दो सेक्टर व दो स्टेटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व में भी रखे गए हैं। इस अहम बैठक में एडीएम एफआर, एडीएम प्रशासन सहित अन्य मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।

