महिलाएं किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को बर्दाश्त ना कर डटकर मुकाबला करें :अवनी सिंह
आयोग सदस्य ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश

(बदायूं से समर इंडिया के लिए एसपी सैनी की रिपोर्ट)
बदायूँ । राज्य महिला आयोग की सदस्या अवनी सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में जनसुनवाई तथा ब्लॉक सालारपुर में जागरुकता चौपाल का आयोजन किया गया।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, अतिरिक्त विवाह, घरेलू हिंसा से सम्बन्धित सहित कुल 13 शिकायती पत्र प्राप्त हुये, जिसके गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश सदस्या द्वारा अधिकारियों को दिए गए।
जनचौपाल के दौरान उन्होंने महिलाओं का स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने ऊपर हो रहे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को बर्दाश्त न कर उसका डटकर मुकाबला करें ।
उन्होंने कहा महिलाओं की समस्याओं के निस्तारण के लिए महिला आयोग हर क्षण हर पल उनके साथ खड़ा है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों को गम्भीरतापूर्वक सुनते हुए उनका गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराएं।
ब्लॉक सालारपुर के सभागार में जागरुकता चौपाल में आयी महिलाओं को आयोग सदस्या द्वारा महिला सुरक्षा पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपना आर्थिक व सामाजिक उन्नयन करते हुए स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया गया।
आयोग सदस्या ने जनचौपाल के उपरान्त 05 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व 03 शिशुओं का अन्नप्राशन किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख, उप जिलाधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, प्रभारी जिला परियोजना अधिकारी , अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी,े जिला अल्पसंख्यक अधिकारी, संरक्षण अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक, सेन्टर मैनेजर, परियोजना समन्वयक आदि उपस्थित रहे।
—-

