Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की कानून-व्यवस्था को नई दिशा देने और अपराध पर लगाम कसने के उद्देश्य से तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी अंकिता शर्मा ने जिले की कमान संभाल ली है। नवांगतुक बदायूं एसएसपी अंकिता शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) का कार्यभार विधिवत रूप से ग्रहण कर लिया है। चार्ज लेते ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी सख्ती बरती जाएगी और जनता की सुरक्षा ही पुलिस की पहली प्राथमिकता होगी।
पुलिस लाइंस में मिला ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ और भव्य स्वागत
अपने कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवांगतुक एसएसपी अंकिता शर्मा बदायूं की रिजर्व पुलिस लाइंस पहुंचीं। यहां आगमन पर पुलिस बल द्वारा उन्हें पूरे सम्मान के साथ सलामी दी गई और शानदार ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रदान किया गया। इस मौके पर पुलिस महकमे में एक नया उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) अजय कुमार साहनी विशेष रूप से मौजूद रहे। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने नवांगतुक कप्तान को गुलदस्ता भेंट कर उनका जिले में स्वागत किया। इसके पश्चात, जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों ने भी नई एसएसपी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
बदायूं एसएसपी अंकिता शर्मा का निर्देश: पारदर्शिता और टीम भावना से हो काम
जिले का चार्ज लेने के बाद बदायूं एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस लाइन में मौजूद सभी राजपत्रित अधिकारियों से औपचारिक रूप से परिचय प्राप्त किया। इस परिचयात्मक बैठक के दौरान उन्होंने अपनी कार्यशैली और पुलिसिंग की प्राथमिकताओं को बहुत ही स्पष्ट शब्दों में सामने रखा।
नई एसएसपी ने अधिकारियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले का हर पुलिसकर्मी ‘टीम भावना’ के साथ काम करे। इसके अलावा, उन्होंने कार्यप्रणाली में पूरी पारदर्शिता, ड्यूटी के प्रति सर्वोच्च कर्तव्यनिष्ठा और फरियादियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।
इन प्रमुख अधिकारियों की रही मौजूदगी
पदभार ग्रहण और स्वागत समारोह के इस महत्वपूर्ण अवसर पर पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) विजयेन्द्र कुमार द्विवेदी और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. हृदेश कठेरिया सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। (रिपोर्ट- जयकिशन सैनी)

