Badaun Double Murder: हर्षित के पिता बोले- अगर न्याय नहीं मिला तो कर लूंगा आत्मदाह; पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
बदायूं|सैजनी गांव स्थित एचसीपीएल प्लांट के दो अफसरों की हत्या के मामले में पुलिस की जांच जारी है।इस बीच मृतक हर्षित मिश्रा के माता-पिता ने पूरनपुर स्थित अपने आवास पर रविवार को प्रेसवार्ता कर बदायूं पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।पिता सुशील मिश्रा ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा भरोसा है।अगर न्याय नहीं मिला तो कोतवाली के सामने आत्मदाह करेंगे
12 मार्च को हुई थी दो अफसरों की हत्या:-पीलीभीत के पूरनपुर निवासी हर्षित मिश्रा एचसीपीएल प्लांट में सहायक मुख्य प्रबंधक थे।12 मार्च को दिनदहाड़े प्लांट में ही हर्षित मिश्रा और कंपनी के डीजीएम सुधीर गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सैजनी गांव निवासी अजय प्रताप सिंह व दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था।तीनों आरोपी जेल में हैं।वहीं आरोपी अजय के ताऊ राकेश सिंह,उसके पिता व भाइयों के खिलाफ भी अलग-अलग आरोपों में कई मामले दर्ज हो चुके हैं।
आरोप: प्लांट के अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध:-हर्षित के पिता सुशील मिश्रा ने कहा कि बेटे की हत्या में एचपीसीएल प्लांट के अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध है।गोली लगने के बाद हर्षित और सुधीर गुप्ता करीब 40 मिनट तक प्लांट में ही पड़ा रहा। अधिकारी और कर्मचारियों ने उसे अस्पताल भेजने में हीलाहवाली की।डेढ़ घंटे से अधिक का समय अस्पताल पहुंचने तक ही बीत गया।

