Amroha News- अमरोहा: अमरोहा के किसानों की उपज अब स्थानीय मंडियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वह सात समंदर पार विदेशों में भी अपनी महक बिखेरेगी। शुक्रवार को कलैक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में उद्यान विभाग द्वारा ‘एक्सपोर्ट प्रोमोशन’ (निर्यात प्रोत्साहन) को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला उद्यान अधिकारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में किसानों को अपनी फसल विदेश भेजने के गुर सिखाए गए।
APEDA ने बताया कैसे बनें निर्यातक
बैठक में विशेष रूप से पहुंचे एपिडा (APEDA) के अधिकारी श्री आलोक कुमार मिश्रा ने किसानों और एफपीओ प्रतिनिधियों को विस्तार से जानकारी दी।
वेबसाइट पर पंजीकरण: उन्होंने बताया कि किसान कैसे एपिडा की वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
एक्सपोर्ट क्वालिटी: फल, सब्जियों और शहद का उत्पादन करने वाले किसानों को बताया गया कि निर्यात के लिए फसल की गुणवत्ता कैसी होनी चाहिए और पैकेजिंग के क्या मानक हैं।
आम, सब्जी और शहद पर विशेष फोकस
अमरोहा का आम और सब्जियां पहले से ही प्रसिद्ध हैं। अब विभाग का जोर शहद (Honey) के निर्यात पर भी है। बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि कैसे बिचौलियों को हटाकर किसान सीधा अपनी उपज अंतराष्ट्रीय बाजार में भेजकर मोटा मुनाफा कमा सकते हैं।
प्रगतिशील किसानों और निर्यातकों ने लिया भाग
इस कार्यशाला में जिले के कई प्रमुख किसान और निर्यातक शामिल हुए। इनमें आम एवं सब्जी निर्यातक श्री नदीम सिद्दीकी और श्री इशान्त सैनी के अलावा प्रगतिशील कृषक श्री गंगा सरन सैनी और श्री रवि धारीवाल ने अपने अनुभव साझा किए।
साथ ही एफपीओ (FPO) प्रतिनिधि के रूप में मो. वसीम, पवन कुमार, श्रीमती हितेश चौधरी और अमित कुमार सहित 29 इच्छुक कृषकों ने प्रतिभाग किया। सभी ने निर्यात की बारीकियों को समझा और इसे अमरोहा की कृषि के लिए एक बड़ा कदम बताया।

