Amroha News-अमरोहा | 21 फरवरी 2026 (सू.वि.) जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को थाना अमरोहा देहात का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि थानों में आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
रजिस्टरों और अभिलेखों की गहन समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने थाने के विभिन्न पटलों का अवलोकन किया। उन्होंने डाक कार्यालय, साइबर सेल और मुख्य कार्यालय में जाकर अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति देखी। डीएम ने अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, गुंडा रजिस्टर, चौकीदार उपस्थिति रजिस्टर सहित पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन रजिस्टर की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख अद्यतन (Update) होने चाहिए और सत्यापन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न की जाए।
राजस्व टीम के सहयोग से सुलझेंगे भूमि विवाद
थाने में लंबित भूमि संबंधी मामलों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित किया कि क्षेत्र के सभी भूमि विवादों को चिन्हित किया जाए। इन विवादों का निस्तारण केवल पुलिस स्तर पर न करके, राजस्व टीम के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
मिशन शक्ति: महिला आरक्षियों को गांव-गांव जाने के निर्देश
‘मिशन शक्ति’ केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महिला आरक्षियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने निर्देश दिए कि:
महिला आरक्षी ग्राम स्तर पर जाकर महिलाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रमों का एक रोस्टर तैयार कर संबंधित ब्लॉक को उपलब्ध कराया जाए ताकि अन्य विभागीय कर्मचारी भी वहां उपस्थित रह सकें।
केंद्र पर आने वाली महिला फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित हो।
साइबर सेल को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
बढ़ते साइबर अपराधों के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने साइबर सेल के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि साइबर ठगी के शिकार लोगों की शिकायतों पर बिना देरी किए तकनीकी रूप से त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की स्वच्छता पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर करने के सुझाव दिए। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक शौकेंद्र सिंह सहित थाने के अन्य अधिकारी एवं महिला आरक्षी उपस्थित रहे।

