देहरादून: बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार इन दिनों उत्तराखंड में अपनी आने वाली फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। अनीस बज्मी के निर्देशन में बन रही इस कॉमेडी फिल्म के लिए अक्षय कुमार देहरादून में अभिनेत्री राशी खन्ना के साथ एक स्पेशल गाने की शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म में विद्या बालन भी अहम भूमिका में हैं।
देहरादून में 1 करोड़ के गाने की शूटिंग
खबरों के मुताबिक, पांच दिन चलने वाले इस गाने के शूट का बजट करीब 1 करोड़ रुपये है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता विजय गांगुली ने इस गाने को कोरियोग्राफ किया है। यह गाना फिल्म के पोस्ट-क्रेडिट सीक्वेंस के तौर पर जोड़ा जाएगा। अक्षय कुमार 12 अक्टूबर को यूके शूट से लौटने के बाद सीधे उत्तराखंड पहुंचे हैं।
ऋषिकेश के सिंगताली पुल पर भी शूटिंग
देहरादून और मसूरी में शूटिंग के बाद फिल्म की यूनिट अब ऋषिकेश पहुंच गई है। अक्षय कुमार और राशी खन्ना को हाल ही में सिंगताली पुल के पास एक सीक्वेंस फिल्माते देखा गया, जिससे वहां भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय प्रशंसक स्टार्स की एक झलक पाने के लिए शूटिंग लोकेशन के आसपास जमा हो रहे हैं।
उत्तराखंड में बढ़ रही फिल्म शूटिंग
यह फिल्म उत्तराखंड में शूट हो रही बड़ी बॉलीवुड परियोजनाओं में ताजा नाम है। राज्य के पहाड़ी रास्ते, पुल और पर्वतीय दृश्य मुख्यधारा सिनेमा में लगातार दिख रहे हैं, जिससे उत्तराखंड फिल्म शूटिंग के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन बनता जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Mausam: 17 अक्टूबर को ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट और Uttarakhand Weather: देहरादून-उत्तरकाशी में बारिश का अलर्ट

