समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
अमरोहा जनपद के हसनपुर क्षेत्र में गुरुवार रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। लगातार हुई इन घटनाओं से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहली दुर्घटना रात करीब 8:15 बजे कनेटा रोड पर हुई। कनेटा रोड निवासी आबिद के 20 वर्षीय पुत्र सादिक उर्फ सोनू ई-रिक्शा चलाता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सामने से आकर उसके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था, जिससे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।दूसरा हादसा रात लगभग 9:00 बजे झकड़ी अड्डे के पास हुआ। मोहल्ला लालबाग ऊंचा निवासी मोहम्मद जहीर के 40 वर्षीय पुत्र सलीम को तेज गति से आ रहे एक कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सलीम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सलीम पेशे से चालक था। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक कैंटर छोड़कर मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार वाहन चालकों की तलाश जारी है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर क्षेत्र में यातायात सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

