समर इंडिया सवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर:- शुक्रवार को भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर अनुसूचित समाज के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक तिराहे से कोतवाली तक पैदल मार्च निकालकर अपना आक्रोश जताया और प्रभारी निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि थाना रहरा क्षेत्र के चंदनपुर खादर निवासी एक युवक इंस्टाग्राम पर रील्स देख रहा था। इसी दौरान लाइव आए दो अज्ञात और एक नामजद व्यक्ति ने कथित रूप से अनुसूचित समाज के खिलाफ जातिसूचक और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। आरोप है कि लाइव के दौरान बहुजन समाज के सम्मानित नेताओं को अपशब्द कहे गए और पूरे समाज के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद अनुसूचित समाज और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं में भारी रोष फैल गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “बाबा साहेब अमर रहे” और “भीमराव अंबेडकर जिंदाबाद” जैसे नारे लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी को ज्ञापन सौंपा और मामले की तत्काल जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस पर प्रभारी निरीक्षक ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन में कुलदीप सम्राट (जिलाध्यक्ष समता मूलक संघ अमरोहा), राजू सागर, मोनू जाटव, आकाश सागर, विपिन सम्राट (जिलाध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन बी. आर. अंबेडकर), उमेश कुमार, अजब सिंह (पूर्व जिलाध्यक्ष भीम आर्मी), मोनू सहवाजपुरिया, आकाश जाटव, मानवीर जाटव, सोनू जाटव, असपी गौतम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

