Badaun News: एचपीसीएल हत्याकांड, बदायूं में आरोपी अजय के ताऊ पर भी कसा शिकंजा, 27 अवैध दुकानों पर बेदखली के लिए मुकदमा
बदायूं के सैंजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में दो अफसरों की हत्या के आरोपी अजय प्रताप सिंह के ताऊ राकेश सिंह की सील की गईं 27 अवैध दुकानों के मामले में तहसीलदार कोर्ट में बेदखली के लिए वाद दायर कराया गया है। दातागंज के एसडीएम धर्मेंद्र सिंह की ओर से यह मुकदमा दायर हुआ है। राकेश ने ग्राम समाज की जमीन पर ये दुकानें बनाई हैं। वाद दायर कराने के साथ ही 45 लाख 57 हजार रुपये की वसूली के लिए आरसी भी एसडीएम कोर्ट ने जारी की है।
पिछले दिनों प्रशासन ने हत्यारोपी अजय प्रताप सिंह की छह और राकेश सिंह की पांच दुकानों को गिरा दिया था। यह सभी दुकानें हजरतपुर मार्ग किनारे पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाई गई थीं। राकेश ने ग्राम समाज की जमीन पर भी 27 दुकानें बनवा ली थीं। इससे वह हर महीने 70 हजार रुपये किराया वसूलता था।तहसील प्रशासन इन 27 दुकानों को सील कर अतिक्रमण हटाने के लिए पहले ही नोटिस चस्पा कर चुका है। अब शुक्रवार को वाद दायर करने के साथ आरसी जारी हुई है। एसडीएम ने कहा कि एक माह में यदि आरसी की रकम जमा नहीं की गई तो जेल भी भेजने का प्रावधान है।साथ ही वसूली के लिए संपत्ति की कुर्की कार्रवाई भी हो सकती है।

आरोपी की संपत्ति की जांच भी शुरू:-तहसील प्रशासन की टीम सैंजनी गांव में आरोपी अजय प्रताप सिंह, उसके ताऊ व अन्य परिजनों की जमीन, मकान, दुकान व घर आदि सबकी जांच कर रही है। अभी तक की जांच में ग्राम समाज की भूमि पर दुकानें बनना, सरकारी भूमि पर कब्जा कर जबरन खेती करने समेत कई बिंदु सामने आ चुके है।इसके साथ ही आरोपी व उसके परिवार की संपत्ति की भी जांच शुरू कर दी गई है।इस संपत्ति में इस्तेमाल रकम कहां से लाई गई, इसकी जांच होगी।
अवैध बाजार से हर माह हो रही थी तीन लाख की कमाई:-आरोपी के परिवारीजन गांव के पास ही सरकारी भूमि पर अवैध तरीके से सप्ताह में दो दिन बाजार लगवाकर वहां के व्यापारियों से तहबाजारी वसूलते थे।इस मामले में कार्रवाई करते हुए एसडीएम ने बाजार बंद करवाने के साथ ही पैमाइश के बाद उस भूमि को कब्जे में ले लिया है।सूत्र बताते है कि इस तहबाजारी से हर माह करीब तीन लाख की कमाई हो रही थी। लेकिन अधिकारिक तौर पर इन बातों की पुष्टि नहीं की जा रही है।
आरोपी के ताऊ ने यात्री शेड तुड़वाकर भी बनवाई थीं दुकानें:-आरोपी अजय प्रताप व उसके परिवार का इतना रौब था कि गांव के बाहर सड़क किनारे बने यात्री शेड को तोड़कर भी इन लोगों ने दुकानों का निर्माण करवा लिया था। अब जब तहसील की टीमों ने जांच तेज की है तो हर दिन परत दर परत नया खुलासा हो रहा है। हालांकि इस परिवार का जहां भी अवैध कब्जा मिल रहा है, उस मामले में कार्रवाई हो रही है।
Related