अमरोहा | 21 फरवरी 2026 (सू.वि.) जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए शनिवार को ब्लॉक अमरोहा के सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार आनंद की उपस्थिति में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि कागजी खानापूर्ति के बजाय धरातल पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
लापरवाही पर बरती सख्ती, गुणवत्ता पर जोर
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व और ब्लॉक स्तर की कुछ शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता संतोषजनक न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि:
शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही शिकायतों का निस्तारण हो।
निस्तारण ऐसा होना चाहिए जिससे शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो।
शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाए।
17 शिकायतों में से 03 का मौके पर समाधान
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 17 मामले सामने आए, जिनमें से जिलाधिकारी ने 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत पहुंचाई।
विभागवार शिकायतें: राजस्व विभाग (11), पुलिस (03), विद्युत (01), जल निगम (01) और बैंक (01)। शेष 14 शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि स्थलीय निरीक्षण कर इन्हें समयबद्ध तरीके से हल करें।
वोट बनवाने के लिए कल बूथों पर पहुंचे युवा: जिलाधिकारी
समाधान दिवस के मंच से जिलाधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कल, 22 फरवरी (रविवार) को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर ‘विशेष अभियान दिवस’ मनाया जाएगा।
अपील: जिनकी आयु 01 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे अपना नाम मतदाता सूची में जरूर जुड़वाएं।
सुधार का मौका: मतदाता अपने बूथ पर जाकर नाम संशोधित कराने, हटवाने या अन्य सुधार हेतु आवश्यक फॉर्म भर सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार आनंद ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनें। उन्होंने कहा कि पुलिस संबंधी मामलों का उचित और शीघ्र निस्तारण ही पुलिस की विश्वसनीयता बढ़ाता है।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शैलेश कुमार दुबे, पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेन्द्र सिंह, परियोजना निदेशक अम्बरीष कुमार सहित समस्त जिला व तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

