नई दिल्ली। Delhi Blast 2025 राजधानी दिल्ली के लाल किला के पास सोमवार शाम को हुए विस्फोट के बाद दिल्ली पुलिस और एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसी के चलते लाल किला मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही लाल किला स्थित घटनास्थल को अब भी सफेद कपड़े से बंद किया हुआ है।
धमाके के लिए जुटाए 20 लाख रुपये, पैसों को लेकर हो गया आतंकियों में विवाद; Delhi blast केस में नया खुलासा
वहीं, विस्फोट के तीसरे दिन भी घटनास्थल से लोगों के शरीर के अंग मिलने का सिलसिला जारी है। 350- 400 मीटर की दूरी पर दिगंबर जैन लाल मंदिर के पीछे लाजपत राय मार्केट के एक गेट के ऊपर लगे शेड पर पूरा हाथ का हिस्सा मिला है।
लाल किला के बाहर आई-20 कार में हुए धमाके में हाई ग्रेड मिलिट्री विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ था। जांच से जुड़े अधिकारियों का मानना है कि धमाके की तीव्रता व उससे हुई क्षति से साफ है कि यह अमोनियम नाइट्रेट जैसे साधारण विस्फोटक से संभव नहीं है, जिन्हें आतंकियों के फरीदाबाद के ठिकाने से बरामद किया गया था।
Delhi Blast
वहीं, आतंकी उमर व मुजम्मिल के 2021 में तुर्किये जाने और वहां जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलर्स से मिलने के भी सबूत मिले हैं। जांच में सामने आया है कि इस मॉड्यूल का हैंडलर पाकिस्तान से इन्हें निर्देश दे रहा था। साफ है कि लाल किला के पास धमाका भले ही हताशा में किया गया हो, लेकिन लंबी तैयारी यह थी कि 26/11 की तरह कई स्थानों पर एक साथ हमले करके दिल्ली को दहलाया जाए।
26 नवंबर, 2008 को पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते आए आतंकियों ने मुंबई में एक साथ कई स्थानों पर हमले कर देश की आर्थिक राजधानी को दहला दिया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हाई ग्रेड मिलिट्री विस्फोटक की पुष्टि होने की स्थिति में इसके पीछे पाकिस्तानी सेना की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता। धमाके वाली क्षतिग्रस्त कार के सभी पार्ट्स को मंगलवार देर रात ट्रक में डालकर जांच के लिए रोहिणी स्थित फोरेंसिक साइंस लैब में ले जाया गया। वहां एफएसएल, सीबीआइ और एनआइए की फोरेंसिक टीमें कार से नमूने उठाकर जांच कर रही हैं।

