उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून और बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जिलों में तेज बारिश के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है, जिससे पूरे राज्य में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
Uttarakhand Weather : पांच अगस्त तक जारी रह सकती है बारिश
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार, पांच अगस्त तक प्रदेश के पर्वतीय जिलों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों में। प्रशासन द्वारा भी लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
Uttarakhand Weather : प्रदेश में 64 सड़कें बंद
बारिश के कारण मलबा आने से प्रदेश भर में 64 सड़कें अवरुद्ध हो चुकी हैं। इन सड़कों में से 52 सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों में हैं, जिससे गांवों में आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है। ग्रामीणों के साथ-साथ यात्रा पर निकले लोग भी मुश्किल में हैं और कई जगहों पर फंसे हुए हैं।
Uttarakhand : उत्तराखंड में अंत्योदय कार्डधारकों को गैस सिलेंडर पर DBT से मिलेगा लाभ
Uttarakhand Weather : उत्तरकाशी में सबसे ज्यादा प्रभावित सड़कें
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तरकाशी जिले में सबसे अधिक 13 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा टिहरी में पांच, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में 11-11, पौड़ी में दो, नैनीताल में चार, देहरादून और चमोली में सात-सात, बागेश्वर में तीन और अल्मोड़ा जिले में एक सड़क मलबा आने के कारण बंद हो गई है।

