Budaun News: हत्यारोपी अजय का सगा व तहेरा भाई भी था कत्ल की साजिश में शामिल,
एसएसपी अंकिता शर्मा ने दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का घोषित किया इनाम
बदायूं। सैजनी के एचपीसीएल प्लांट में दो अफसरों सुधीर गुप्ता व हर्षित मिश्रा की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के सगे भाई केशव और तहेरे भाई अभय प्रताप को भी पुलिस ने आरोपी बनाया है।इन दोनों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है।पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए तेजी से प्रयास शुरू कर दिया है।एसएसपी अंकिता शर्मा ने सोमवार को दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया।
मूसाझाग थाना क्षेत्र में 12 मार्च को हुई इस वारदात में मुख्य आरोपी अजय को थाने में आत्मसमर्पण के बाद जेल भेजा गया था। इसके बाद कंपनी में काम करने वाले धर्मेंद्र यादव और मुनेंद्र सिंह को घटना की साजिश रचने के आरोप में जेल भेजा गया था।इस मामले की जांच इंस्पेक्टर मूसाझाग व एसएसपी द्वारा बनाई गई तीन इंस्पेक्टरों व सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय की टीम कर रही है। अब जांच में मुख्य आरोपी अजय के भाई केशव सिंह व तहेरे भाई अभय प्रताप सिंह का भी अहम भूमिका सामने आई है। इसके चलते दोनों पर हत्या की साजिश रचने की धारा लगाई गई है। ये दोनों भी कंपनी में नौकरी करते थे।वारदात के बाद इन सभी को नौकरी से हटा दिया गया था।
अवैध असलहाें के साथ दोनों के फोटो हो चुके हैं वायरल:-आरोपी केशव व अभय के अवैध असलहों के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं।इसके साथ ही इन दोनों के खिलाफ सैजनी गांव के आसपास अवैध रूप से ग्राम समाज की जमीनों पर कब्जा, तहबाजारी वसूलना,मारपीट समेत कई मामलों में केस भी दर्ज हैं। वारदात के बाद ये दोनों भागे हुए चल रहे हैं।
एचपीसीएल प्लांट के दो अफसरों की हत्या के मुख्य आरोपी अजय के भाई केशव व अभय की भी भूमिका साजिशकर्ता के रूप में सामने आई है।दोनों के नाम केस में बढ़ाए गए हैं।इनके खिलाफ एसएसपी के स्तर से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही है।-रजनीश उपाध्याय, सीओ सिटी,रिपोर्ट-जयकिशन सैनी (समर इंडिया)

