Bajaj To Launch 350cc Pulsar & Dominar: पिछले कुछ महीनों में बजाज ऑटो के कारोबार में जबरदस्त मजबूती देखने को मिली है. इसकी बड़ी वजह 350cc से कम क्षमता वाली बाइक्स पर GST दर में की गई कटौती है, जिससे इस सेगमेंट की मांग तेजी से बढ़ी है. वहीं 350cc से ऊपर की बाइक्स पर टैक्स बढ़ने से कंपनियों और ग्राहकों, दोनों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं. ऐसे में बजाज अब एक लंबी और टिकाऊ रणनीति पर काम कर रहा है, जिसमें 350cc से कम क्षमता वाली नई बाइक्स अहम भूमिका निभा सकती हैं.
350cc से कम बाइक्स पर GST कटौती का असर
सरकार ने 350cc से कम इंजन वाली मोटरसाइकिलों पर GST को 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है. इस फैसले के बाद बजाज ऑटो ने सालाना आधार पर डबल-डिजिट ग्रोथ दर्ज की है. कम टैक्स के चलते बाइक्स की कीमतें किफायती हुईं और ग्राहकों का रुझान इस सेगमेंट की ओर बढ़ा.
350cc पल्सर और डोमिनार पर बजाज की नजर
इसी चुनौती से निपटने के लिए बजाज पल्सर और डोमिनार के 350cc वर्जन पर काम कर रहा है. फिलहाल पल्सर NS400Z और डोमिनार 400 में 373.3cc का सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया जाता है. दोनों बाइक्स का टॉर्क आउटपुट 35 Nm है, जबकि पावर डोमिनार के लिए 40 PS और पल्सर NS400Z के लिए 43 PS है.
कीमत और बिक्री में हो सकता है बेलेंस
पल्सर NS400Z की शुरुआती कीमत करीब 1.94 लाख रुपये है, जबकि डोमिनार 400 की कीमत 2.40 लाख रुपये के आसपास है. अगर इनके 350cc वर्जन आते हैं, तो टैक्स में राहत के चलते इन्हें ज्यादा किफायती दाम पर पेश किया जा सकता है. इससे इन बाइक्स की मासिक बिक्री बढ़ने और कुल सेल्स में योगदान मजबूत होने की उम्मीद है.
इंजन में क्या हो सकते हैं बदलाव
डोमिनार 400 और पल्सर NS400Z के 350cc वर्जन में मौजूदा 373.3cc इंजन का ही संशोधित रूप इस्तेमाल किया जा सकता है. माना जा रहा है कि स्ट्रोक को बरकरार रखते हुए बोर को थोड़ा कम किया जाएगा, ताकि इंजन की क्षमता 350cc से नीचे लाई जा सके. इससे पावर और टॉर्क में हल्की कमी आ सकती है, लेकिन परफॉर्मेंस को संतुलित रखने के लिए जरूरी तकनीकी बदलाव किए जाएंगे.
KTM और ट्रायम्फ के 350cc मॉडल की तैयारी
बजाज ने यह भी संकेत दिया है कि वह KTM और ट्रायम्फ के साथ मिलकर KTM 390 रेंज और ट्रायम्फ 400 सीरीज के 350cc वर्जन पर विचार कर रहा है. अगर इस योजना को मंजूरी मिलती है, तो इन बाइक्स में भी वही 350cc इंजन इस्तेमाल किया जा सकता है, जिसे पल्सर और डोमिनार के लिए विकसित किया जाएगा.
KTM और ट्रायम्फ की मौजूदा बाइक्स की बिक्री पहले से ही अच्छी रही है. FY 2025-26 की तीसरी तिमाही में बजाज की कुल बिक्री में इनका योगदान 30,000 यूनिट से ज्यादा रहा. बढ़े हुए GST को लंबे समय तक संभालना मुश्किल हो सकता है, इसलिए 350cc KTM और ट्रायम्फ बाइक्स बजाज की भविष्य की रणनीति में अहम भूमिका निभा सकती हैं. कुल मिलाकर, आने वाले समय में यह सेगमेंट बजाज के लिए नई ग्रोथ की राह खोल सकता है.

