Uttarakhand Weather Alert : उत्तराखंड के नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और देहरादून जिलों में आज (8 जुलाई 2025) भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जिससे मौसम लगातार बदला हुआ बना हुआ है।
Uttarakhand Weather Alert : देहरादून में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
देहरादून में सोमवार को पूरे दिन बादलों की आवाजाही रही और देर शाम से घने बादलों के बीच बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जो सुबह तक चलता रहा। रातभर हुई भारी बारिश के कारण शहर भर में जलभराव की स्थिति बन गई। नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने से किनारे रहने वाले लोग चिंता और दहशत में आ गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी देहरादून में एक से दो बार तेज बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा रही है।
Uttarakhand Weather Alert : केदारघाटी और बदरीनाथ हाईवे पर यात्रा प्रभावित
केदारघाटी में मूसलाधार बारिश के कारण सोमवार को यात्रा पांच घंटे तक ठप रही। सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच मुनकटिया में पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण गौरीकुंड हाईवे बाधित हो गया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रास्ता साफ किया गया, तब जाकर यात्रियों को आगे रवाना किया गया। इसी तरह बदरीनाथ हाईवे भी सिरोंबगड़ में भूस्खलन के कारण तीन घंटे बंद रहा।
Uttarakhand Weather : बारिश से तापमान में कमी, रविवार को भी भारी बारिश की संभावना
Uttarakhand Weather Alert : पिथौरागढ़ में चट्टानें दरकीं, गांवों का संपर्क टूटा
पिथौरागढ़ की तहसीलों में बिना बारिश के चट्टानों के दरकने की घटनाएं सामने आ रही हैं। सोमवार को एक विशाल चट्टान के गिरने से बांसवाड़ा और जिप्ति मोटरमार्ग बाधित हो गया, जिससे दर्जनों वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं। वहीं लिलम के पास पैदल मार्ग ध्वस्त होने के कारण तीन गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। इस बीच पूरे उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है।

