UP Election 2022: शमसुद्दीन ने मुसलमानों को चेताया, कहा-मुजफ्फरनगर में हो रहे थे दंगे, सैफई में चल रहा था नाच-गाना
UP Vidhan Sabha Election 2022 जनसभा को संबोधित करते हुए शमसुद्दीन ने मुसलमानों को चेताया बोले बसपा ने की सभी की हिफाजत। उन्होंने कहा कि आपने गुजरात दंगे की बुनियाद पर नरेद्र मोदी को विरोधी माना क्योंकि वह उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री थे।
बुलंदशहर, बसपा के पश्चिम उत्तर-प्रदेश प्रभारी शमसुद्दीन राईन ने चुनावी जनसभा में मुसलमानों साधने की कोशिश की और उन्हें चेताया भी। उन्होंने कहा कि आपने गुजरात दंगे की बुनियाद पर नरेद्र मोदी को विरोधी माना, क्योंकि वह उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री थे। सपा के राज में भी दंगे हुए। उस दौर में एक तरफ मुजफ्फरनगर में दंगे हो रहे थे। वहीं दूसरी तरफ सैफई में नाच-गाना चल रहे थे।
उन्होंने मुसलमानों का हित बसपा में ही सुरक्षित बताया।रविवार शाम को जीटी रोड स्थित मैरिज होम में जनसभा को संबोधित करने के लिए बसपा के पश्चिमी उत्तर-प्रदेश प्रभारी शमसुद्दीन राईन पहुंचे। जहां उन्होंने कहा कि बसपा सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय के सिद्धांत पर चलती है। सपा ने मुसलमानों को हमदर्द बताया और हमारा वोट पाकर राज किया। यानि वोट मुसलमानों का और राज मुलायम के परिवार का रहा।
मुसलमानों को क्या मिला। 2012 में जब सपा की सरकार प्रदेश में बनी, तो अपराध बढ़ गया। इससे पहले जब बसपा की सरकार रही, तो गुड़े माफिया प्रदेश से बाहर चले जाते थे या फिर जेल के अंदर दिखाई देते थे। बसपा ने सभी की हिफाजत करने का कार्य किया और सबसे पहले कांशीराम योजना के तहत गरीबों को मकान दिए गए। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान मुसलमानों को साधने का कार्य करते हुए बसपा को वोट देने की अपील की। इसमें बसपा प्रत्याशी विनोद प्रधान, जिलाध्यक्ष कमल राजन, सतीश सागर, अर्जुन सिंह, रजिया सलीम, राजकुमार आदि रहे।