बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र के गांव नगरिया चिकन में शुक्रवार शाम दो मंजिला मकान में चल रही अवैध पटाखा फैक्टरी में धमाका हो गया। इससे दो मंजिला मकान ढह गया। मलबे में दबकर आतिशबाज उमेश चंद्र उर्फ राहुल (40) पुत्र रामसहाय और उसके चचेरे भाई मनोज (35) की मौत हो गई। धमाके से दोनों के चीथड़े उड़ गए। मंजल देख लोगों का कलेजा कांप गया। दो बच्चियां भी घायल हुई हैं। इनको अस्पताल में भर्ती कराया गया।





उमेश की भतीजी सलोनी (5) और किरण (6) पुत्री ओमेंद्र मलबे में दबने से घायल हो गई। उन्हें म्याऊं सीएचसी में भर्ती कराया गया है। डीएम निधि श्रीवास्तव और एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने दोनों बच्चियों का हाल जाना और बेहतर इलाज की हिदायत दी। डीएम ने हादसे का कारण जानने के लिए जांच का आदेश दिया है।शवों के उड़े चीथड़े:-दो मंजिला मकान में विस्फोट के बाद मलबे में निकाले गए दो शवों को देख ग्रामीणों के दिल दहल उठे। शवों के चीथड़े उड़ गए थे। विस्फोट के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग चीखपुकार करते हुए दूर तक भाग गए। सोशल मीडिया पर इसकी खबर फैली तो वहां रहने वालों के रिश्तेदार फोन करके हाल जानने लगे। वहां पर ग्रामीण कई लोगों के दबे होने की आशंका जता रहे थे। जेसीबी से जब मलबा पूरी तरह साफ कर दिया गया, उसके बाद ग्रामीणों को दो ही लोगों के मौत होने की जानकारी हो सकी।
तीन घंटे चला बचाव कार्य:-आबादी के बीच दो मंजिला मकान में हुए भीषण विस्फोट के बाद इलाके के लोग सकते में आ गए। मकान के अंदर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी होगी। विस्फोट हुआ तो मलबा पांच फुट तक जमा हो गया। उसे हटाने में जेसीबी को तीन घंटे से ज्यादा का वक्त लग गया। करीब दो घंटे बाद शव मलबे से बाहर निकाले गए।
डीएम निधि श्रीवास्तव ने बताया कि दो मंजिला मकान में पटाखे का भंडारण था। पटाखे होने से आतिशबाज समेत दो लोगों की मौत हुई है। घटना के पीछे क्या कारण है? इसकी जांच होगी
एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने बताया कि विस्फोट के क्या कारण रहे? इसकी जांच के लिए फोरेंसिक व अग्निशमन विभाग को निर्देश दिए हैं। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और दो बच्चियां घायल हुई हैं। बच्चियों की हालत में सुधार है।
रिपोर्ट-जयकिशन सैनी (समर इंडिया)